नई दिल्ली 2026-02-18
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज कई विश्व नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें कीं। ये नेता भारत एआई इम्पैक्ट शिखर सम्मेलन के लिए नई दिल्ली में हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज स्पेन के राष्ट्रपति पेद्रो सांचेज़ से भेंट की। नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में दोनों नेताओं ने भारत-स्पेन साझेदारी और प्रगाढ़ करने पर चर्चा की। विदेश मंत्रालय ने कहा कि चर्चा के प्रमुख क्षेत्रों में व्यापार और अर्थव्यवस्था, डिजिटल, नवाचार, स्वास्थ्य, जलवायु परिवर्तन और शिक्षा शामिल हैं। प्रधानमंत्री ने भारत-यूरोपीय संघ के मजबूत संबंधों के लिए स्पेन के निरंतर समर्थन की प्रशंसा की। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि उन्होंने भारत-स्पेन की मित्रता को बढ़ावा देने पर चर्चा की। इस दौरान विशेष रूप से रक्षा, सुरक्षा, प्रौद्योगिकी और अन्य क्षेत्रों के बारे में बातचीत हुई। श्री मोदी ने कहा कि यूरोपीय संघ के साथ ऐतिहासिक मुक्त व्यापार समझौते का स्पेन के साथ आर्थिक साझेदारी पर बहुत सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा और दोनों देशों के लोगों को नए अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि दोनों देश वर्ष 2026 को भारत-स्पेन संस्कृति, पर्यटन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस वर्ष के रूप में मना रहे हैं। श्री मोदी ने कहा कि इससे लोगों के बीच आपसी संबंध और मजबूत होंगे। उन्होंने भारत आने वाले विश्वविद्यालयों के बड़े प्रतिनिधिमंडल पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि इससे लोगों को आपस में जोड़ने में काफी सहायता मिलेगी।
प्रधानमंत्री ने फिनलैंड के प्रधानमंत्री आंत्ति पेत्तरी ओरपो से भी बातचीत की। उन्होंने सतत विकास और डिजिटलीकरण, एआई अनुसंधान और नैतिक नवाचार में सहयोग पर चर्चा की। प्रधानमंत्री ने एआई के क्षेत्र में उभरते नवाचारक के रूप में फिनलैंड के प्रयासों की प्रशंसा की। दोनों नेताओं ने दातित्वपूर्ण, प्रतिभा-आधारित एआई को प्रोत्साहन और टिकाऊ भविष्य के लिए प्रौद्योगिकी-आधारित समाधानों का लाभ उठाने की प्रतिबद्धता दोहराई। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और फिनलैंड का लक्ष्य व्यापार दोगुना करना है, जिससे आर्थिक संबंधों को मजबूती मिलेगी। उन्होंने सिक्स-जी जैसी भविष्यवादी प्रौद्योगिकियों, नवाचार, स्वच्छ ऊर्जा, जैव ईंधन और पुन: उपयोग वाली अर्थव्यवस्था में सहयोग बढ़ाने पर भी चर्चा की।
श्री मोदी ने शिखर सम्मेलन के दौरान सर्बिया के राष्ट्रपति आलेकसान्दर वूचिच से भी बातचीत की। दोनों नेताओं ने व्यापार और निवेश, एआई, वित्तीय प्रौद्योगिकी, शिक्षा, कृषि, पर्यटन और लोगों के बीच आदान-प्रदान में द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की। उन्होंने आपसी हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया। विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत और सर्बिया दीर्घकालिक मित्र हैं और इन संबंधों की नींव दोनों देशों की जनता के बीच घनिष्ठ संबंधों पर टिकी है। श्री मोदी ने क्रोएशिया के प्रधानमंत्री आंद्रे प्लेनकोविच के साथ द्विपक्षीय वार्ता भी की।
प्रधानमंत्री ने एआई इम्पैक्ट शिखर सम्मेलन के दौरान एस्टोनिया के राष्ट्रपति अलार कारिस से भेंट की। दोनों नेताओं ने भारत-एस्टोनिया संबंधों के विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की और डिजिटल प्रौद्योगिकियों में भविष्य के सहयोग और लोगों के बीच आपसी संबंधों को मजबूत करने की संभावनाओं पर बल दिया। उन्होंने ऐतिहासिक भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते का स्वागत किया। उन्होंने इसके शीघ्र कार्यान्वयन पर बल देते हुए कहा कि इससे विकास को गति मिलेगी, रोजगार सृजित होंगे और लोगों को ठोस आर्थिक लाभ प्राप्त होंगे। प्रधानमंत्री मोदी आज भूटान के प्रधानमंत्री दाशो छेरिंग तोबगे और कजाकिस्तान के प्रधानमंत्री ओल्शाज बेक्तेनोफ से भी भेंट करेंगे।
इससे पहले आज सुबह, प्रधानमंत्री मोदी ने गूगल के मुख्य कार्यकारी सुंदर पिचाई से भी भेंट की। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि उन्होंने एआई के क्षेत्र में भारत के कार्यों और इस क्षेत्र में भारत के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों और पेशेवरों के साथ गूगल के काम करने की संभावना के बारे में चर्चा की।