महतारी वंदन से डिजिटल इंडिया तक, योजनाओं और बदलावों को रचनात्मक प्रस्तुति में किया जीवंत
कोरबा 2026-10-06
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित नमो सेवा गाथा कार्यक्रम में स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट हिन्दी माध्यमिक विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की सेवा, समर्पण तथा देश की विकास यात्रा को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। “विकसित भारत-2047” की परिकल्पना को केंद्र में रखकर प्रस्तुत किए गए इस नुक्कड़ नाटक में विद्यार्थियों ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों, महत्वपूर्ण पहलों और सामाजिक बदलावों को रचनात्मक एवं रोचक तरीके से मंचित किया।
नाटक में अमन, आशीष एवं साथियों तथा कुमारी दिव्या, अभिषेक तांती एवं साथियों ने विभिन्न भूमिकाओं का प्रभावी निर्वहन करते हुए दर्शकों तक योजनाओं और विकास कार्यों से जुड़े संदेशों को सहज एवं प्रभावशाली ढंग से पहुंचाया। विद्यार्थियों ने श्री नरेंद्र मोदी जी के गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में कार्यकाल से लेकर देश के प्रधानमंत्री के रूप में उनकी भूमिका तक की प्रमुख घटनाओं एवं पहलों को नाटक की विषयवस्तु में शामिल किया। प्रस्तुति के दौरान महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं के सम्मान, स्वावलंबन और आत्मनिर्भरता की कहानी को विशेष रूप से प्रस्तुत किया गया। विद्यार्थियों ने यह दर्शाया कि आर्थिक सहायता और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से महिलाएं अपनी आवश्यकताओं के साथ-साथ परिवार की जिम्मेदारियों को पूरा करने में सक्षम हो रही हैं तथा परिवार और समाज में अपनी स्वतंत्र पहचान स्थापित कर रही हैं।
इसी क्रम में स्वच्छता एवं शौचालय निर्माण के माध्यम से महिलाओं की गरिमा और सम्मान से जुड़े बदलाव को प्रभावी अभिनय के जरिए प्रस्तुत किया गया। विद्यार्थियों ने बताया कि स्वच्छता के प्रति जागरूकता और घर-घर शौचालय की सुविधा ने ग्रामीण एवं शहरी जीवन में महत्वपूर्ण बदलाव लाने में भूमिका निभाई है। नुक्कड़ नाटक में प्रधानमंत्री जन-धन योजना के माध्यम से बैंकिंग सेवाओं से जुड़ाव, वित्तीय समावेशन तथा प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के महत्व को भी रेखांकित किया गया। वहीं डिजिटल इंडिया और यूपीआई के माध्यम से बदलती तकनीकी व्यवस्था और डिजिटल भुगतान की सुविधा को नई पीढ़ी की प्रस्तुति के माध्यम से सहज एवं आकर्षक ढंग से दर्शाया गया। विद्यार्थियों ने अभिनय के माध्यम से यह संदेश दिया कि तकनीक और डिजिटल सेवाएं आज आम नागरिक के दैनिक जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुकी हैं।
कार्यक्रम में देश की सुरक्षा और नए भारत के सामर्थ्य को भी विषयवस्तु में स्थान दिया गया। सर्जिकल स्ट्राइक के संदर्भ में विद्यार्थियों ने देश की सुरक्षा से जुड़े घटनाक्रम और राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति दृढ़ता को नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से अभिव्यक्त किया। इस दौरान विद्यार्थियों के अभिनय, संवाद, मंच प्रस्तुति और विषयों के रचनात्मक संयोजन को उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों ने सराहा। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों ने यह संदेश दिया कि योजनाओं और विकास कार्यों का वास्तविक प्रभाव समाज के विभिन्न वर्गों के जीवन में दिखाई देने वाले बदलावों से समझा जा सकता है।