सेवा, संस्कार और सहभागिता का संगम बना आंगन मिलन सेवा अभियान, बरपाली आंगनबाड़ी में गूंजा सहभागिता का संदेश
कोरबा 2026-10-06
नन्हें कदमों की चहलकदमी, बच्चों की खिलखिलाहट और माताओं की सक्रिय सहभागिता से पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के ग्राम बरपाली स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में आंगन मिलन सेवा अभियान का आयोजन उत्साह और आत्मीयता के साथ किया गया। आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों, पालकों, किशोरी बालिकाओं, गर्भवती एवं शिशुवती महिलाओं तथा विभागीय योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों की सहभागिता से जीवंत नजर आया। आयोजन ने पोषण, संस्कार, स्वच्छता, सम्मान और सामुदायिक जुड़ाव को एक साथ जोड़ते हुए आंगनबाड़ी की गतिविधियों को नई ऊर्जा प्रदान की।
अभियान के दौरान नन्हें बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया। महिलाओं के सम्मान के साथ उनके प्रयासों को प्रोत्साहन मिला और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने वाली गतिविधियां आयोजित की गईं। विभागीय योजनाओं से प्राप्त आर्थिक सहायता का सार्थक उपयोग कर बेहतर कार्य करने वाली हितग्राही महिलाओं को सम्मानित किया गया। सम्मान के इस अवसर ने महिलाओं के आत्मविश्वास को बढ़ाया और अन्य परिवारों को भी योजनाओं का लाभ लेकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
आंगन मिलन सेवा अभियान के अंतर्गत ‘हर घर मुनगा, घर-घर मुनगा’ अभियान को भी जनभागीदारी से आगे बढ़ाया गया। आंगनबाड़ी केंद्र परिसर के साथ पालकों के घरों में मुनगा पौधों का रोपण किया गया। मुनगा पौधे के माध्यम से परिवारों को पोषण और हरियाली से जुड़ने का अवसर मिला। बच्चों, महिलाओं और पालकों की सहभागिता ने पूरे आयोजन को सामुदायिक उत्सव का स्वरूप प्रदान किया।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती शिवकला ने कहा कि आंगन मिलन सेवा अभियान से बच्चों और पालकों को एक साथ जुड़ने का अवसर मिला। विभिन्न गतिविधियों में उनकी भागीदारी से बच्चों के लिए सीखने और आनंद का माहौल बना तथा महिलाओं में भी सक्रिय सहभागिता की भावना मजबूत हुई।
आंगनबाड़ी सहायिका श्रीमती चमेली बाई ने कहा कि बच्चों के अन्नप्राशन, महिलाओं के सम्मान और मुनगा रोपण जैसी गतिविधियों में पालकों की भागीदारी उत्साहजनक रही। सभी ने मिलकर आयोजन को आत्मीय और यादगार बनाया। कार्यक्रम में शामिल हितग्राहियों ने विभागीय योजनाओं से मिल रहे सहयोग और आंगनबाड़ी केंद्र के माध्यम से आयोजित गतिविधियों के प्रति प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में महिला एवं बाल विकास से जुड़ी योजनाओं के माध्यम से बच्चों और महिलाओं तक पहुंच रहे सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।