ग्रामीणों को किसान किताब, अधिकार अभिलेख, आयुष्मान कार्ड सहित विभिन्न योजनाओं का मिला लाभ
कोरबा 2026-10-01
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत पाली विकासखंड के ग्राम पंचायत सैला स्थित माध्यमिक शाला परिसर में आज विकासखंड स्तरीय सेवा सेतु शिविर आयोजित किया गया। शिविर में ग्रामीणों से कुल 133 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 70 का निराकरण किया गया। शेष 63 आवेदन आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजे गए।
शिविर में राजस्व विभाग द्वारा 23 हितग्राहियों को किसान किताब, 13 को बी-1 एवं खसरा तथा स्वामित्व योजना के अंतर्गत 22 हितग्राहियों को अधिकार अभिलेख वितरित किए गए। स्वास्थ्य विभाग ने तीन हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड और तीन को वय वंदन कार्ड प्रदान किए। शिक्षा विभाग द्वारा पांच बच्चों को जाति प्रमाण पत्र दिए गए।
उद्यानिकी विभाग ने पांच हितग्राहियों को सब्जी मिनी किट प्रदान किए तथा 150 पौधों का वितरण किया। जनपद पंचायत पाली की ओर से दो हितग्राहियों को छड़ी और तीन को श्रवण यंत्र दिए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से चार समूहों को चेक वितरित किए गए। इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का सम्मान किया गया। साथ ही तीन गर्भवती महिलाओं की गोद भराई और तीन बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया।
शिविर में जिला पंचायत सभापति श्रीमती माया रूपेश कंवर, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्री दिलहरण कश्यप, जनपद सदस्य श्री धर्मेंद्र राज, श्री बृजेश यादव, श्री विपिन कौशिक, श्री कमल बरेठ, श्री कृष्णा यदु, श्री कीर्ति कश्यप, श्री कामता जायसवाल, श्री गणेश चौहान सहित ग्राम पंचायत के सरपंच एवं पंच उपस्थित रहे। जनपद पंचायत पाली के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मोहनीश आनंद देवांगन, तहसीलदार श्री भूषण मंडावी और विभिन्न विभागों के अधिकारी भी शिविर में मौजूद रहे।