13 जनवरी 2000 से प्रकाशित

दिग्गज भारतीय हॉकी खिलाड़ी वंदना कटारिया ने अंतरराष्ट्रीय हॉकी से संन्यास की घोषणा की

नई दिल्ली 2025-04-02

भारतीय महिला हॉकी की दिग्गज खिलाड़ी वंदना कटारिया ने 15 साल से अधिक लंबे शानदार करियर के बाद अंतरराष्ट्रीय हॉकी से संन्यास की आधिकारिक तौर पर घोषणा कर दी है। 

320 अंतरराष्ट्रीय मैचों और 158 गोल के साथ, वंदना भारतीय महिला हॉकी के इतिहास में सबसे ज़्यादा मैच खेलने वाली खिलाड़ी हैं। 32 वर्षीय वंदना ने 2009 में सीनियर टीम में प्रवेश किया था और वह खेल में कई निर्णायक क्षणों का अहम हिस्सा रही, जिसमें 2020 के टोक्‍यो ओलंपिक में भारत का ऐतिहासिक चौथा स्थान हासिल करना भी शामिल है। इसमें वे हैट्रिक बनाने वाली पहली और एकमात्र भारतीय महिला बनीं।

खेल में अपार योगदान के लिए, वंदना को प्रतिष्ठित अर्जुन पुरस्कार, और पद्म श्री से सम्मानित किया गया था। उन्हें 2014 में वर्ष की सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाडी के लिए हॉकी इंडिया बलबीर सिंह सीनियर पुरस्कार, 2021 में उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए हॉकी इंडिया अध्यक्ष पुरस्कार और 2021 तथा 2022 में वर्ष की सर्वश्रेष्ठ फॉरवर्ड के लिए हॉकी इंडिया धनराज पिल्ले पुरस्कार भी प्रदान किया गया था।