13 जनवरी 2000 से प्रकाशित
प्रातः कालीन समाचार पत्र, कोरबा

सेवा की कहानी : मातृत्व के सफर में सहारा बनी प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना, परिवार को मिली आर्थिक राहत

गुड़रुमुड़ा की ज्योति कंवर को मातृत्व वंदना योजना से मिली मदद, बच्चे की देखभाल में हुई सहूलियत

कोरबा 2026-10-17

गर्भावस्था के दौरान मां के बेहतर स्वास्थ्य और नवजात के समुचित पोषण के लिए आर्थिक सहयोग बेहद महत्वपूर्ण होता है। ऐसे समय में प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना से मिलने वाली सहायता परिवार के लिए राहत का आधार बनती है। कोरबा जिले के पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड अंतर्गत ग्राम गुड़रुमुड़ा निवासी श्रीमती ज्योति कंवर के लिए भी यह सहायता मातृत्व के शुरुआती सफर में उपयोगी साबित हुई।

श्रीमती ज्योति कंवर बताती हैं कि गर्भवती होने पर उन्हें अपनी नजदीकी आंगनबाड़ी केंद्र से प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने अपना पंजीयन कराया और योजना के तहत पांच हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्राप्त हुई। यह राशि उनके लिए काफी उपयोगी रही। उन्होंने प्राप्त राशि का उपयोग बच्चे के पोषण आहार पर किया। साथ ही, परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने में भी इस आर्थिक सहयोग से मदद मिली।

ज्योति कंवर कहती हैं कि बच्चे के जन्म के बाद उसके खानपान और देखभाल पर विशेष ध्यान देना जरूरी होता है। ऐसे में योजना से मिली राशि ने उनकी चिंता कम करने और बच्चे के पोषण की जरूरतों को पूरा करने में सहयोग दिया। परिवार को भी आर्थिक सुविधा मिली, जिससे दैनिक जरूरतों को पूरा करने में सहूलियत हुई।
वे बताती हैं कि गर्भवती और शिशुवती माताओं के लिए यह योजना बहुत उपयोगी है। इससे मिलने वाली आर्थिक सहायता मां और बच्चे की देखभाल में मददगार होती है तथा बच्चे के शारीरिक विकास के लिए जरूरी पोषण पर ध्यान देने का अवसर मिलता है।

योजना से लाभान्वित होने पर श्रीमती ज्योति कंवर ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि माताओं और बच्चों के हित में संचालित यह योजना परिवारों को आर्थिक सहारा प्रदान करती है। उन्होंने शासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जरूरत के समय मिली सहायता से उन्हें अपने बच्चे के पोषण और परिवार की आवश्यकताओं पर ध्यान देने में काफी मदद मिली।