13 जनवरी 2000 से प्रकाशित
प्रातः कालीन समाचार पत्र, कोरबा

लाल मैदान दशहरा उत्सव में 120 फीट ऊंचे रावण पुतले का होगा दहन, आसमानी आतिशबाजी होगा आकर्षण का केंद्र

कोरबा 2026-10-19

कोरबा जिला का मशहूर लाल मैदान दशहरा उत्सव में 120 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। यहां का दशहरा उत्सव क्षेत्रीय विधायक एवं उद्योग मंत्री श्री लखन लाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न होगा। साथ ही जिला प्रशासन और विद्युत कंपनी के उच्चाधिकारी कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे।  

दशहरा उत्सव समिति के संरक्षक और कार्यपालक निदेशक श्री एचके. सिह के मार्गदर्शन में लाल मैदान (दर्री) पर हसदेव ताप विद्युत संयंत्र कोरबा पश्चिम के अधिकारियों व कर्मचारियों की समिति दशहरा उत्सव की तैयारियां जोरशोर से कर रहीं हैं।  

दशहरा उत्सव समिति के कार्यकारी अध्यक्ष श्री एसके. गोठी के अनुसार दशहरा का कार्यक्रम 20 अक्टूबर को शाम 7 बजे से शुरू हो जाएगा। दशहरा के दिन लाल मैदान पर दस सिरों वाला रावण लाल-लाल आंखें दिखाएगा, सिर घूमाएगा और जोर-जोर से अट्टहास करेगा। 

रात 8 बजे से आसमानी आतिशबाजी की जाएगी।  पूरे मैदान पर रोशनी होगी और आसपास मेले जैसा माहौल दर्शकों के लिए खास आकर्षण का केंद्र होगा। आतिशबाजी के बाद रावण के पुतले का दहन किया जाएगा।