24,035 फलदार पौधों से बढ़ेगी हरियाली, ग्रामीण परिवारों को मिलेगा भविष्य में आय का सहारा
कोरबा 2026-09-30
वृक्षारोपण से पर्यावरण संरक्षण सहित क्षेत्र में हरित आवरण बढ़ाने और जैव विविधता को मजबूत करने में मदद मिलती है। इसी दिशा में कोरबा पावर लिमिटेड (केपीएल) ने आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में 24,035 फलदार पौधों का वितरण किया। यह अभियान प्रधानमंत्री के 'एक पेड़ माँ के नाम' जनआंदोलन तथा अदाणी समूह के अध्यक्ष के वर्ष 2030 तक 10 करोड़ वृक्षारोपण के विजन के अनुरूप आयोजित किया गया। अभियान के तहत कुल 25,000 पौधों के वितरण का लक्ष्य रखा गया था।
इस पहल के तहत कोरबा जिले के आसपास स्थित विभिन्न ग्राम पंचायतों और समुदायों को आम, अमरूद, जामुन, कटहल, नींबू, बादाम, सीताफल और आंवला जैसी फलदार प्रजातियों के पौधे वितरित किए गए। इसका उद्देश्य क्षेत्र में हरियाली को बढ़ावा देने के साथ ग्रामीण समुदायों को लंबे समय में पोषण और आर्थिक लाभ से जोड़ना है।
इस मौके पर केपीएल के प्रमुख व्यवसाय अधिकारी श्री समीर कुमार मित्रा ने कहा कि, 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ मातृत्व के प्रति सम्मान का संदेश भी देता है। अपनी माँ के नाम एक पौधा लगाना प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और भावनात्मक जुड़ाव को मजबूत करने का माध्यम है।
‘फलदार पौधों के वितरण से क्षेत्र में हरित आवरण बढ़ाने, जैव विविधता को प्रोत्साहित करने और पर्यावरण संतुलन को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। इसके साथ ही भविष्य में इन पौधों से मिलने वाले फल स्थानीय समुदायों के पोषण में योगदान देंगे और ग्रामीण परिवारों के लिए अतिरिक्त आय का स्रोत भी बन सकते हैं। यह पहल जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को कम करने और कार्बन अवशोषण बढ़ाने की दिशा में भी योगदान देगी’ केपीएल के परियोजना प्रमुख श्री सीवीके प्रसाद ने बताया।
केपीएल का यह अभियान अदाणी समूह के '100 मिलियन ट्रीज़ बाय 2030' विजन के अनुरूप पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को आगे बढ़ाता है। साथ ही, यह पहल स्थानीय समुदायों की भागीदारी के साथ पर्यावरण संरक्षण को मजबूत करने की कंपनी की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता को दर्शाती है।