मंत्री लखनलाल देवांगन ने भाषण और चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं को किया सम्मानित
कोरबा 2026-10-03
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शनिवार को जिला स्तरीय भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं में जिले के विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने उत्साह से भाग लिया और विकसित भारत, राष्ट्रप्रेम, सेवा भावना, स्वच्छता तथा महिला सशक्तीकरण जैसे विषयों पर अपने विचार और रचनात्मकता प्रस्तुत की। ग्राम और स्कूल स्तर से विकासखंड स्तर तक हुई प्रतियोगिताओं में चयनित विद्यार्थियों ने जिला स्तर पर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उद्योग एवं वाणिज्य, श्रम, आबकारी तथा सार्वजनिक उपक्रम मंत्री श्री लखनलाल देवांगन ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के सार्वजनिक जीवन और सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कोरबा जिले में प्रधानमंत्री जी के जन्मदिवस पर साढ़े पांच लाख से अधिक दीप प्रज्वलित किए गए। उन्होंने कहा कि भाषण और चित्रकला प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है।
मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में 13 वर्ष और प्रधानमंत्री के रूप में 12 वर्ष तक जनसेवा की है। उनके नेतृत्व में गरीब कल्याण और देश के विकास के लिए अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। उन्होंने कहा कि जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) के माध्यम से कोरबा में शिक्षा और जनकल्याण से जुड़े कार्य किए जा रहे हैं। स्कूलों में नाश्ता और मध्यान्ह भोजन, अतिथि शिक्षकों की व्यवस्था तथा स्कूलों, छात्रावासों और आंगनबाड़ी केंद्रों की अधोसंरचना का विकास इनमें शामिल हैं। उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए भी सहायता दी जा रही है।
कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि कक्षा चौथी के विद्यार्थी सहित तीन बच्चों ने विकसित भारत और महिला सशक्तीकरण पर प्रभावशाली विचार रखे। भाषण, चित्रकला और रंगोली प्रतियोगिताओं में स्कूलों के विद्यार्थियों ने अच्छा प्रदर्शन किया। ऐसे आयोजन बच्चों को अपने विचार रखने और उनकी प्रतिभा को सामने लाने का अवसर देते हैं।
कलेक्टर ने बताया कि जिले में विद्यार्थियों को मध्यान्ह भोजन के साथ नाश्ता भी दिया जा रहा है। दसवीं के बाद आईआईटी-जेईई और नीट की तैयारी करने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए जिला स्तर पर दो वर्ष की कोचिंग की व्यवस्था की जा रही है। उच्च शिक्षा में आर्थिक स्थिति बाधा न बने, इसके लिए पात्र विद्यार्थियों की ट्यूशन फीस और हॉस्टल फीस में डीएमएफ से सहायता देने की योजना शुरू की गई है। जिला प्रशासन ने स्कूलों और कॉलेजों की अधोसंरचना का आकलन कर आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराने की पहल भी की है। विद्यालयों में पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए डीएमएफ से लगभग चार सौ अतिथि शिक्षकों की व्यवस्था की गई है। उन्होंने विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि प्रतियोगिता में पुरस्कार न पाने वाले विद्यार्थियों का प्रयास भी सराहनीय है।
जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने विकसित भारत का सपना देखा है। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देती हैं। आज के विद्यार्थी आगे चलकर देश को नई दिशा देने और विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने में योगदान देंगे।
जिला शिक्षा अधिकारी श्री टी.पी. उपाध्याय ने प्रतियोगिताओं के आयोजन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्कूल और विकासखंड स्तर पर प्रतियोगिताओं के बाद चयनित विद्यार्थियों ने जिला स्तर पर भाग लिया। प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को सेवा भावना, राष्ट्रप्रेम, स्वच्छता, डिजिटल भारत और विकसित भारत के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में नगर पालिक निगम के सभापति श्री नूतन सिंह ठाकुर, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रतीक जैन, पार्षद श्री नरेंद्र देवांगन, पूर्व महापौर श्री जोगेश लांबा, श्रीमती प्रीति सोहनकार, श्री नरेंद्र पटनवार, प्राचार्य श्रीमती अल्का फिलिप्स सहित जनप्रतिनिधि, अतिथि और विद्यार्थी उपस्थित थे।
भाषण में अखिल कुमार, शुभांगी साहू, आर्या गुप्ता ने प्रथम स्थन प्राप्त किया
भाषण प्रतियोगिता के प्राथमिक वर्ग में प्राथमिक शाला भलपहरी के अखिल कुमार ने प्रथम, प्राथमिक शाला नगराहीपारा की प्रियांशी मरावी ने द्वितीय और प्राथमिक शाला सतरेंगा की ईशिका तिर्की ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। माध्यमिक वर्ग में सेजेस पंप हाउस की शुभांगी साहू प्रथम, लिटिल स्टेप स्कूल कोरबा के प्रियांशु सिंह द्वितीय और माध्यमिक शाला मड़ई की काजल मरकाम तृतीय स्थान पर रहीं। हाई एवं हायर सेकेंडरी वर्ग में सेंट थॉमस पब्लिक स्कूल, दीपका की आर्या गुप्ता ने प्रथम, सेजेस करतला की अनिमा अगरिया ने द्वितीय और पीएमश्री बालको की आयुषी सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
चित्रकला में दक्ष कुमार, गरिमा और अंतिमा कुमारी ने प्रथम स्थान हासिल किया
चित्रकला प्रतियोगिता के प्राथमिक वर्ग में ईस्ट पॉइंट इंग्लिश स्कूल, दीपका के दक्ष कुमार ने प्रथम, प्राथमिक शाला कराईनारा की डिंपल साहू ने द्वितीय और सेजेस हरदीबाजार के समर साहू ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। माध्यमिक वर्ग में माध्यमिक शाला गुड़रूमुड़ा की गरिमा प्रथम, माध्यमिक शाला पताड़ी की श्रेया कुमारी यादव द्वितीय और केजीबीवी सेंदरीपाली की निशा राठिया तृतीय स्थान पर रहीं। हाई एवं हायर सेकेंडरी वर्ग में सेजेस एनसीडीसी की अंतिमा कुमारी ने प्रथम, हाई स्कूल देवहरी की दिशा विंध्यराज ने द्वितीय और सेजेस पंप हाउस की सृष्टि साहू ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।