13 जनवरी 2000 से प्रकाशित
प्रातः कालीन समाचार पत्र, कोरबा

सेवा के रंग, राष्ट्र के संगकृभव्य रंगोली में साकार हुआ विकसित भारत का संकल्प

रंगों में साकार हुआ सेवा और राष्ट्र निर्माण का संदेश, 76×76 वर्गफीट में सजी भव्य रंगोली

कोरबा 2026-10-07

शहर के हृदय स्थल घण्टाघर स्थित ओपन थियेटर मैदान में सेवा संकल्प अभियान के तहत विद्यार्थियों और युवाओं की रचनात्मकता ने ऐसा जीवंत रूप लिया कि पूरा परिसर सेवा, संकल्प और देशभक्ति के रंग में रंग उठा। ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संगकृआभार एवं संकल्प’ थीम पर विद्यार्थियों, युवाओं एवं माय भारत युवा कार्यक्रम के वालेंटियर्स ने मिलकर 76×76 वर्गफीट क्षेत्र में भव्य रंगोली तैयार की। प्राकृतिक सामग्री और विविध रंगों से सजी इस विशाल रंगोली में विकसित भारत की परिकल्पना, राष्ट्रप्रेम और जनभागीदारी का संदेश प्रभावी ढंग से उभरकर सामने आया।

जिले के शैक्षणिक संस्थानों से जुड़े विद्यार्थियों ने प्राकृतिक रंगों का  रचनात्मक उपयोग करते हुए रंगोली को आकार दिया। रंगों और प्राकृतिक सामग्री के संयोजन से तैयार इस भव्य प्रस्तुति में आत्मनिर्भर भारत, आत्मनिर्भर कृषि, वोकल फॉर लोकल, आत्मनिर्भर जनशक्ति, आत्मनिर्भर नवाचार और स्थानीय से वैश्विक जैसी अवधारणाओं को आकर्षक रूप में उकेरा गया। रंगोली के माध्यम से युवाओं की रचनात्मक सोच के साथ देश के विकास में उनकी भूमिका और जनभागीदारी का संदेश भी सामने आया।

 विद्यार्थियों ने अपनी कला और रचनात्मकता के माध्यम से राष्ट्र के चहुमुखी विकास को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। एक ही परिसर में सजी विभिन्न रंगोलियों ने सेवा, राष्ट्रभक्ति, आत्मनिर्भरता और नवाचार के विविध संदेशों को जीवंत स्वरूप दिया।

इस आयोजन में विद्यार्थियों और युवाओं की सक्रिय सहभागिता ने सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्यों को जनभागीदारी से जोड़ने का कार्य किया। एक साथ जुटे प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति की जीवंत तस्वीर प्रस्तुत की। रंगोली केवल कला की प्रस्तुति नहीं रही, बल्कि विकसित भारत के निर्माण में युवा शक्ति की भूमिका और सामूहिक संकल्प का प्रभावी माध्यम बनी।

भव्य रंगोली का अवलोकन मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री श्री लखन लाल देवांगन, कटघोरा विधायक श्री प्रेमचन्द पटेल, महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, सभापति श्री नूतन सिंह ठाकुर, पूर्व गृह मंत्री श्री ननकी राम कंवर, श्री गोपाल मोदी, डॉ. राजीव सिंह सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नागरिकों ने किया। अतिथियों ने विद्यार्थियों द्वारा प्राकृतिक सामग्री और विविध विषयों को समाहित करते हुए तैयार की गई विशाल रंगोली की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों की रचनात्मकता, सामूहिक सहभागिता और राष्ट्र निर्माण के संदेश को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के प्रयास की प्रशंसा की।

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सजी यह भव्य रंगोली विद्यार्थियों की कला, युवा शक्ति और राष्ट्र के प्रति संकल्प का ऐसा जीवंत माध्यम बनी, जिसने सेवा, एकता और विकसित भारत की भावना को रंगों के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाया।