13 जनवरी 2000 से प्रकाशित
प्रातः कालीन समाचार पत्र, कोरबा

भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी जिला शाखा कोरबा की बैठक में बड़े फैसले : जिला स्तर पर छपेगी 'सेवा ज्योति' स्मारिका

इंदौर में तैयार हुई अत्याधुनिक ब्लड कलेक्शन बस

कोरबा 2026-08-12

भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी, जिला कोरबा की प्रबंध समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक जिला चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज कोरबा (डीएम रोड) में चेयरमैन श्री राम सिंह अग्रवाल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और सामाजिक सरोकारों को लेकर कई दूरगामी और शानदार फैसले लिए गए

2000 की संख्या में प्रकाशित होगी 'सेवा ज्योति' स्मारिका, रेड क्रॉस के कार्यों को जन-जन तक पहुँचाने के लिए छत्तीसगढ़ राज्य इकाई की तर्ज पर अब कोरबा जिला स्तर पर भी विशेष स्मारिका (पत्रिका) का प्रकाशन किया जाएगा। सर्वसम्मति से इस पत्रिका का नाम 'सेवा ज्योति' तय किया गया है, जिसकी 2000 प्रतियां छपवाई जाएंगी।

इस गौरवमयी पत्रिका का भव्य विमोचन महामहिम राज्यपाल के कर-कमलों से कराने का निर्णय लिया गया है। इंदौर में तैयार हुई अत्याधुनिक ब्लड बस, जल्द आएगी कोरबा, बैठक में लाइफ-सेविंग सुविधाओं पर चर्चा करते हुए बताया गया कि कोरबा जिले के लिए विशेष ब्लड कलेक्शन बस इंदौर में बनकर पूरी तरह तैयार है। फोर्स कंपनी द्वारा इस गाड़ी को इंदौर से कोरबा रवाना होने वाली है। इस संबंध में सीएमएचओ (CMHO) स्तर पर आ रही दिक्कतों को दूर करने के लिए समिति जल्द ही कोरबा कलेक्टर से मुलाकात कर लिखित आवेदन सौंपेगी।

15 अगस्त के बाद बुलाई जाएगी आम सभा

संस्था के सुचारू संचालन के लिए कोरबा कलेक्टर को पत्र सौंपकर 15 अगस्त के बाद आम सभा आयोजित करने का निवेदन किया गया है। इसके साथ ही युवाओं को रेड क्रॉस से जोड़ने के लिए जूनियर विंग (JRC) और यूथ विंग (YRC) की टीमों के गठन को मंजूरी दे दी गई है, जिससे जमीनी स्तर पर सेवा कार्यों में तेजी आएगी। 

गरीब कैदियों की रिहाई और अंगदान को बढ़ावा 

चेयरमैन की अनुमति से बैठक में दो बेहद मानवीय निर्णय भी लिए गए। रेड क्रॉस सोसायटी कोरबा अब उन गरीब कैदियों की मददगार बनेगी जो ₹500 से ₹2000 तक की छोटी जमानत राशि न जुटा पाने के कारण जेल में बंद हैं, सोसायटी स्वयं यह शुल्क चुकाकर उन्हें बरी कराएगी। इसके अलावा जिले में देहदान व अंगदान करने वाले पुण्य आत्माओं और उनके परिवारों को सम्मानित करने की अनूठी पहल भी शुरू की जा रही है।वित्तीय पारदर्शिता को मजबूत करने के लिए बैंक खातों के संचालन में अब कोषाध्यक्ष के हस्ताक्षर को अनिवार्य (कंपलसरी) कर दिया गया है। 

जिले वासियों को बेहतर स्वास्थ्य और मानवीय सेवाएं प्रदान करने की दिशा में भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी जिला शाखा कोरबा के नव निर्मित भवन का निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर जारी है । जिला प्रशासन की निगरानी में चल रहा यह प्रोजेक्ट अब अपने अंतिम पड़ाव की ओर अग्रसर है। भवन का ग्राउंड फ्लोर (निचला तल) पूरी तरह बनकर तैयार हो चुका है, जबकि प्रथम तल का निर्माण कार्य तीव्र गति से आगे बढ़ रहा है।इस आधुनिक और सर्वसुविधायुक्त भवन के तैयार होने से जिले में रेड क्रॉस की गतिविधियों को एक नया ठिकाना मिलेगा, जिससे संकट के समय आम जनता तक राहत और चिकित्सीय मदद और भी तेजी से पहुंचाई जा सकेगी। अधिकारियों के अनुसार, गुणवत्ता से समझौता किए बिना निर्माण कार्य को जल्द से जल्द पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि स्थानीय नागरिकों को इस नए केंद्र की अत्याधुनिक सुविधाओं का लाभ शीघ्र मिल सके।

बैठक में ये रहे उपस्थित

बैठक में चेयरमैन श्री राम सिंह अग्रवाल के साथ प्रबंध समिति के सम्मानित सदस्य नितिन चतुर्वेदी, अनिल अग्रवाल, अमित अग्रवाल, ओमप्रकाश रमानी, योगेश जैन, मोहम्मद यूनुस मेमन, राजेंद्र प्रसाद तिवारी, जफर अली, नरेश अग्रवाल, नरेंद्र कुमार अग्रवाल, राजेश बगड़िया, मोहम्मद सफी, लक्ष्मी शंकर सिंह, मनीष मोदी, राहुल मोदी विशेष रूप से उपस्थित थे। 

स्वल्पाहार के साथ समापन

प्रबंध समिति के सभी एजेंडों पर विस्तृत और सकारात्मक चर्चा पूरी होने के बाद उपस्थित सदस्यों के लिए स्वल्पाहार (जलपान) का आयोजन किया गया। तत्पश्चात, चेयरमैन की अनुमति से बैठक की औपचारिक समाप्ति की घोषणा की गई।