13 जनवरी 2000 से प्रकाशित
प्रातः कालीन समाचार पत्र, कोरबा

मलेशिया में ग्लोबल बिजनेस समिट–2026 में भिलाई इस्पात संयंत्र की सशक्त उपस्थिति, जीएम पुष्पा एम्ब्रोस ने रखा पक्ष

रायपुर 2026-05-06

स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड के भिलाई इस्पात संयंत्र ने अंतरराष्ट्रीय औद्योगिक मंच पर अपनी प्रभावी उपस्थिति दर्ज कराई है। संयंत्र की स्टील मेल्टिंग शॉप–3 की महाप्रबंधक सुश्री पुष्पा एम्ब्रोस ने मलेशिया के विन्धम क्लांग में आयोजित ग्लोबल बिजनेस समिट–2026 में संयंत्र का प्रतिनिधित्व करते हुए विशिष्ट पैनल चर्चा में भाग लिया।

“ग्लोबल सिनर्जी: बिजनेस विदाउट बाउंड्रीज़” विषय पर आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में वैश्विक उद्योग जगत के अग्रणी प्रतिनिधियों, नीति-निर्माताओं और विशेषज्ञों ने भागीदारी की। पैनल चर्चा के दौरान सुश्री एम्ब्रोस ने “वैश्विक उद्योगों को बढ़ावा देना: सहयोग और अवसर” विषय पर अपने विचार प्रस्तुत करते हुए सीमापार सहयोग, नवाचार तथा एकीकृत व्यावसायिक दृष्टिकोण की आवश्यकता पर बल दिया।

उन्होंने कहा कि बदलते वैश्विक परिदृश्य में सुदृढ़ और सतत औद्योगिक तंत्र के निर्माण के लिए समन्वित प्रयास, ज्ञान-साझाकरण तथा नवाचार-आधारित रणनीतियाँ अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उनके विचारों को सम्मेलन में उपस्थित अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों द्वारा सराहा गया।

समिट में मलेशिया के गणमान्य मंत्रीगण एवं विभिन्न देशों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस दौरान वैश्विक औद्योगिक सहयोग, वर्ष 2026 और उससे आगे के आर्थिक परिदृश्य, वैश्विक गतिशीलता तथा अंतरराष्ट्रीय शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर पैनल चर्चाएँ आयोजित की गईं।

कार्यक्रम में कीनोट सत्रों और पैनल चर्चाओं के साथ-साथ व्यक्तिगत वक्तव्य सत्र भी आयोजित किए गए। इसी अवसर पर “द बिजनेस असेंट” पत्रिका का औपचारिक लोकार्पण किया गया। साथ ही, ग्लोबल बिजनेस अवॉर्ड्स समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों एवं संस्थानों को सम्मानित किया गया।

ग्लोबल ट्रायम्फ फाउंडेशन द्वारा इंडिया-ओसियन ट्रेड काउंसिल के सहयोग से आयोजित इस समिट ने वैश्विक व्यापार प्रवृत्तियों, नेतृत्व, नवाचार और सतत विकास पर सार्थक संवाद को बढ़ावा देने के साथ-साथ उत्कृष्टता और नेतृत्व को सम्मानित करने का प्रभावी मंच प्रदान किया।