नई दिल्ली 2026-05-11
केंद्र सरकार ने विकसित भारत जी राम जी- गारंटी फॉर रोजगार और आजीविका मिशन (ग्रामीण) अधिनियम, 2025 के कार्यान्वयन की अधिसूचना जारी कर दी है। यह अधिनियम इस वर्ष पहली जुलाई से देशभर में लागू हो जाएगा। ग्रामीण विकास मंत्रालय ने कहा कि प्रत्येक वित्तीय वर्ष में 125 दिन की रोजगार गारंटी का अधिनियम ग्रामीण भारत को सशक्त बनाएगा। देशभर में नए ढांचे के कार्यान्वयन के लिए मौजूदा वित्त वर्ष में 95 हजार 692 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
महिला श्रमिकों की भागीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए विकसित भारत जी राम जी अधिनियम कार्यस्थलों पर बच्चों की देखभाल के लिए एक महत्वपूर्ण प्रावधान करता है। पांच वर्ष से कम उम्र के पांच या अधिक बच्चों की उपस्थिति में उनकी देखभाल के लिए एक महिला श्रमिक को नियुक्त किया जाएगा। इस कदम का उद्देश्य कार्य को निर्बाध जारी रखने में महिलाओं को सक्षम बनाना है। वहीं, कार्यस्थल को अधिक समेकित और महिलाओं की आवश्यकताओं के प्रति अधिक संवेदनशील बनाना है।