13 जनवरी 2000 से प्रकाशित
प्रातः कालीन समाचार पत्र, कोरबा

जम्मू-कश्मीर: खराब मौसम के कारण लगातार चौथे दिन स्थगित रही वैष्णो देवी यात्रा

नई दिल्ली 2026-07-22

जम्मू-कश्मीर में कटरा और त्रिकुटा पहाड़ियों में खराब मौसम के कारण आज लगातार चौथे दिन भी श्री माता वैष्णो देवी यात्रा स्थगित रही। तीर्थयात्रा मार्ग पर यात्रा कर रहे यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए खराब मौसम को देखते हुए यात्रा को अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया है।

अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से मौसम में सुधार होने और यात्रा फिर से शुरू होने तक धैर्य रखने और आधिकारिक सलाह का पालन करने का आग्रह किया है। तीर्थयात्रियों को यात्रा फिर शुरू होने के संबंध में आधिकारिक माध्यमों से अपडेट रहने की सलाह दी गई है। मौसम में सुधार होने और मार्ग के सुरक्षित घोषित होने पर यात्रा फिर शुरू होने की उम्मीद है।

अधिकारी स्थिति पर कड़ी नजर रख रहे हैं। यात्रा स्थगित होने को ध्‍यान में रखते हुए श्राइन बोर्ड ने कटरा में फंसे तीर्थयात्रियों के लिए व्यापक व्यवस्था की है और निःशुल्क लंगर शुरू किया है। इसमें यात्रा की प्रतीक्षा कर रहे श्रद्धालुओं को ताजा भोजन और पीने का पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। तीर्थयात्रियों की सुविधा और कल्‍याण सुनिश्चित करने के लिए आश्रय, चिकित्सा सहायता और अन्य आवश्यक सेवाएं भी प्रदान की जा रही हैं।