नई दिल्ली 2026-08-11
उत्तर प्रदेश के सभी मदरसों में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री दानिश अंसारी ने मदरसों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों और युवाओं को इस अभियान में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य के मदरसों में राष्ट्र ध्वज फहराने, राष्ट्रगान का गायन, देशभक्ति से जुड़ी गतिविधियों और महान स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को उजागर करने वाले जागरूकता कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कल गोरखपुर जिले में तिरंगा यात्रा का नेतृत्व किया। लगभग ढाई किलोमीटर लंबी यह यात्रा नगर निगम परिसर से रेलवे स्टेशन चौक तक निकाली गई। इसमें मुख्यमंत्री ने ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ हाथ में तिरंगा लेकर पदयात्रा की। उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को श्रद्धांजलि है। मुख्यमंत्री ने लोगों से गर्व और सम्मान के साथ अपने घरों में राष्ट्रीय ध्वज फहराने का आग्रह किया। श्री आदित्यनाथ ने नगर निगम परिसर में वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान और बलिदान को नमन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2022 में शुरू हुआ ‘हर घर तिरंगा’ अभियान हर साल और अधिक ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है।