13 जनवरी 2000 से प्रकाशित
प्रातः कालीन समाचार पत्र, कोरबा

सरकार ने कच्चे तेल की आपूर्ति को सामान्य बताया

नई दिल्ली 2026-03-18

सरकार ने आश्वासन दिया है कि कच्चे तेल की उपलब्धता सामान्य है और तेल शोधक संयंत्र पूरी क्षमता से काम कर रहे हैं। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने नई दिल्ली में पश्चिम एशिया के हालिया घटनाक्रम पर अंतर-मंत्रालयी ब्रीफिंग के दौरान यह जानकारी साझा की।

उन्होंने बताया कि घरेलू एलपीजी उत्पादन में 40 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। सुश्री शर्मा ने कहा कि सरकार ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को व्यावसायिक एलपीजी का अतिरिक्त 10 प्रतिशत आवंटन दिया है।

उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों में लगभग बारह हजार छापे मारे गए और लगभग पंद्रह हजार सिलेंडर जब्त किए गए। उन्होंने बताया कि लगभग ढाई हजार खुदरा दुकानों और एलपीजी वितरकों के यहां औचक निरीक्षण किए गए हैं।

पोत, पत्‍तन और जलमार्ग मंत्रालय के विशेष सचिव राजेश कुमार सिन्हा ने बताया कि होर्मुज जलडमरूमध्‍य में सभी भारतीय पोत सुरक्षित हैं। पिछले 24 घंटों में विभिन्न बंदरगाहों से 25 भारतीय नागरिकों को स्वदेश वापस भेजा गया। उन्होंने बताया कि पिछले चौबीस घंटों में नियंत्रण कक्ष ने 125 कॉल और लगभग 450 ईमेल का जवाब दिया। श्री सिन्हा ने बताया कि एलपीजी वाहक पोत शिवालिक और नंदा देवी विशाखापत्तनम बंदरगाह पर माल उतार रहे हैं।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कल पश्चिम एशिया की स्थिति पर संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से बात की। प्रधानमंत्री मोदी ने संयुक्त अरब अमीरात पर हुए हमलों की कड़ी निंदा की। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने भारतीय नागरिकों, विशेष रूप से छात्रों के लिए, आर्मेनिया और अजरबैजान के रास्‍ते भूमि मार्ग से ईरान से निकलने की सलाह दी है।