13 जनवरी 2000 से प्रकाशित
प्रातः कालीन समाचार पत्र, कोरबा

सशस्त्र बल आक्रामक और रक्षात्मक क्षमताएं मजबूत बनाए रखें : रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

नई दिल्ली 2026-11-12

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सशस्त्र बलों से अचानक हमले से निपटने की रणनीति के आक्रामक और रक्षात्मक, दोनों पहलुओं को मजबूत बनाए रखने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि तेजी से बदलती तकनीक और आधुनिक युद्ध के बदलते स्वरूप से पैदा होने वाले पारंपरिक तथा नए खतरों से निपटने के लिए यह आवश्यक है। श्री सिंह आज नई दिल्ली में वायु सेना कमांडर सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने खुफिया जानकारी जुटाने और निगरानी की क्षमताओं को लगातार मजबूत करने, विभिन्न प्रणालियों के बीच बेहतर तालमेल बनाने और संभावित खतरों की पहले ही पहचान करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि देश की खुफिया और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया जाना चाहिए, ताकि सशस्त्र बलों के जवान सतर्क और मुस्‍तैद रहें तथा किसी भी चुनौती का प्रभावी ढंग से सामना कर सकें।

रक्षा मंत्री ने कहा कि आधुनिक युद्ध अब पारंपरिक युद्धक्षेत्रों तक सीमित नहीं रह गया है। इसमें मिसाइल, ड्रोन और उन्नत हथियार प्रणालियों के साथ बिना सीधे संपर्क वाले क्षेत्रों की भूमिका भी बढ़ रही है। श्री सिंह ने भारतीय वायु सेना से इलेक्ट्रॉनिक, साइबर और अंतरिक्ष जैसे युद्ध के उभरते क्षेत्रों के लिए विशेष रणनीति और ढांचा विकसित करने का आह्वान किया। रक्षा मंत्री ने कहा कि इन क्षेत्रों में बेहतर तैयारी से भविष्य की चुनौतियों का सामना करने की क्षमता मजबूत होगी।

रक्षा मंत्री ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान और उसके बाद भारतीय वायु सेना की रणनीतियों और संचालन के तरीकों के प्रभावी ढंग से लागू करने की सराहना की। उन्होंने वायु सैनिकों द्वारा अपने दायित्वों को पूरा करने में दिखाए गए पेशेवर रवैये, संयम और सूझबूझ की प्रशंसा की। अग्निवीरों के लिए दूसरे कार्यकाल के प्रावधान पर श्री सिंह ने कहा कि यह निर्णय सशस्त्र बलों से मिले सुझावों के आधार पर लिया गया है। उन्होंने नीतिगत फैसलों में सशस्त्र बलों के सुझावों को शामिल करने की सरकार की प्रतिबद्ध दोहराई।