नई दिल्ली 2026-10-15
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि भारत लगभग एक सौ देशों को स्वदेशी रक्षा उत्पाद निर्यात कर रहा है। उन्होंने बताया है कि भारत का रक्षा निर्यात 2013-14 में मात्र 686 करोड़ रुपये से बढ़कर 2025-26 में 38 हजार करोड़ रुपये हो गया है। श्री राजनाथ सिंह ने आज नई दिल्ली में एक रक्षा सम्मेलन के दौरान यह बात कही। उन्होंने कहा कि भारत ने गोला-बारूद की किस्मों के मामले में 90 प्रतिशत से अधिक आत्मनिर्भरता हासिल कर ली है। उन्होंने बताया कि भारतीय सेना के पास मौजूद गोला-बारूद की 175 किस्मों में से 159 स्वदेशी हैं।
श्री राजनाथ सिंह ने कहा कि पिछले साढ़े 12 वर्षों में रक्षा क्षेत्र ने न केवल अपनी क्षमताओं का विस्तार किया है बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा सुदृढ़ करने के अपने दृष्टिकोण में महत्वपूर्ण रणनीतिक बदलाव भी किया है। उन्होंने कहा कि सरकार एक रक्षा तंत्र निर्मित कर रही है, जो न केवल राष्ट्रीय सुरक्षा और आर्थिक वृद्धि को मजबूत करेगा बल्कि, वैश्विक सुरक्षा संरचना में भी भारत की भूमिका सुदृढ़ करेगा। उन्होंने कहा कि भारतीय सशस्त्र बल किसी भी चुनौती से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। श्री सिंह ने बताया कि आज सुरक्षा बलों ने अधिकांश आतंकवादियों का सफाया कर दिया है।