13 जनवरी 2000 से प्रकाशित
प्रातः कालीन समाचार पत्र, कोरबा

सीमा सुरक्षा बल की पंजाब फ्रंटियर ने अमृतसर में ‘बॉर्डरमेन मैराथन-2026’ का आयोजन किया

नई दिल्ली 2026-02-22

सीमा सुरक्षा बल – बीएसएफ की पंजाब फ्रंटियर ने आज राष्ट्र की 60 वर्षों की समर्पित सेवा को चिह्नित करने वाले डायमंड जयंती समारोह के अन्‍तर्गत अमृतसर में ‘बॉर्डरमेन मैराथन – 2026’ का आयोजन किया।

मैराथन में तीन श्रेणियां थीं: फुल मैराथन, हाफ मैराथन और 10 किलोमीटर की दौड़। फिट इंडिया अभियान के अन्‍तर्गत आयोजित इस कार्यक्रम का विषय था “सीमा के लोगों के साथ हाथ में हाथ”। बीएसएफ पंजाब फ्रंटियर के इंस्पेक्टर जनरल, डॉ. अतुल फुलज़ेले ने मैराथन को झंडी दिखाकर रवाना किया। इसमें देश के 7 हजार पांच सौ से अधिक धावकों ने हिस्सा लिया।

धावकों में आम नागरिक, सशस्त्र बल के जवान, पुलिस अधिकारी, पूर्व सैनिक और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी शामिल थे। इस कार्यक्रम को एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा भी मान्यता प्राप्त थी। यह कार्यक्रम संयुक्त जांच पोस्ट अटारी में एक भव्य समारोह के साथ समाप्त हुआ, जहां विजेताओं को सम्मानित किया गया। समारोह में बीएसएफ महिला बैंड की प्रस्‍तुति और पंजाब की समृद्ध विरासत को दर्शाने वाले रंगीन सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी शामिल थीं।