13 जनवरी 2000 से प्रकाशित
प्रातः कालीन समाचार पत्र, कोरबा

पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर में विरोध प्रदर्शन जारी, भारत सरकार से की सहायता की अपील

नई दिल्ली 2026-07-06

पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर में जारी विरोध प्रदर्शनों के बीच वहां के लोगों ने भारत सरकार से सहायता की अपील की है। क्षेत्र में पिछले एक महीने से प्रदर्शन जारी हैं। एक अधिकारी के अनुसार लोगों ने भारत से दवाइयां और ज़रूरी खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है।

खबरों के अनुसार पिछले 20 दिनों से इस क्षेत्र में राशन और दवाइयों की आपूर्ति रोक दी गई है। इसके कारण लोगों को भोजन और इलाज जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शन के दौरान घायल हुए लोगों को भी पर्याप्त चिकित्सा सुविधा नहीं मिल पाने की बात कही जा रही है।

हालात बिगड़ने के कारण कई लोग नियंत्रण रेखा पार कर भारत आने की कोशिश भी कर रहे हैं। इस बीच, संयुक्त अवामी एक्शन कमेटी ने भारत सरकार से नियंत्रण रेखा खोलने की अपील की है। यह अपील ऐसे समय में की गई है, जब खबरों में दावा किया गया है कि प्रदर्शन नहीं रुकने पर पाकिस्तान की सेना ने सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।

उधर, संयुक्त अवामी एक्शन कमेटी ने पाकिस्तान सरकार को अपनी मांगें पूरी करने के लिए 48 घंटे का समय दिया है। समिति ने चेतावनी दी है कि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन और उग्र होगा। समिति ने अंतरराष्ट्रीय संगठनों से भी क्षेत्र का दौरा कर वहां की स्थिति और लोगों पर सुरक्षा बलों के कथित अत्याचारों की स्वतंत्र जांच कराने की अपील की है।