नई दिल्ली 2026-07-02
देश में पहली बार, आंध्रप्रदेश के उंडवल्ली हेलीपोर्ट पर हेलीकॉप्टर उड़ान के लिए पहली निजी प्वाइंट-इन-स्पेस यानी पिन्स व्यवस्था को मंज़ूरी दी गई है। इस व्यवस्था में उन्नत उपग्रह तकनीक का इस्तेमाल किया जाता है। इससे उन हेलीपोर्ट पर हेलीकॉप्टर के सुरक्षित संचालन में मदद मिलेगी जहां लैंडिंग के लिए पारंपरिक व्यवस्था नहीं है।
नागर विमानन मंत्रालय ने कहा कि पिन्स प्रक्रिया ख़राब मौसम और जमीनी नेविगेशन सहायता उपलब्ध न होने की स्थिति में विशेष उपयोगी है। इसका विकास भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण ने किया है।
नागर विमानन मंत्री राम मोहन नायडू ने कहा कि इस उपलब्धि के साथ ही देश में सुरक्षित उड़ान, प्रचालन दक्षता और हर मौसम में हेलीकॉप्टर उड़ान के एक नए युग की शुरुआत हो रही है। इससे देश के दूसरे हेलीपोर्ट पर भी पिन्स प्रक्रिया अपनाने का मार्ग प्रशस्त होगा।