13 जनवरी 2000 से प्रकाशित
प्रातः कालीन समाचार पत्र, कोरबा

प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और अटल पेंशन योजना ने 11 वर्ष पूरे किए

नई दिल्ली 2026-05-09

प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और अटल पेंशन योजना ने 11 वर्ष पूरे कर लिए हैं। वित्त मंत्रालय ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा की इन योजनाओं का उद्देश्य सभी को विशेष रूप से समाज के वंचित और कमजोर वर्गों को किफायती वित्तीय सुरक्षा प्रदान करना है।

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत 27 करोड़ से अधिक नामांकन, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना में 58 करोड़ और अटल पेंशन योजना में 9 करोड़ नामांकन हो चुके हैं। श्रीमती सीतारमण ने कहा कि जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत 10 लाख 70 हजार से अधिक परिवारों के 21 हजार 500 करोड़ रुपये से अधिक के दावों का निपटारा किया जा चुका है। वित्त मंत्री ने आगे कहा कि पीएम सुरक्षा बीमा योजना के तहत 1 लाख 84 हजार से अधिक परिवारों के लगभग 3 हजार 660 करोड़ रुपये के दावों का निपटारा किया गया है। उन्‍होंने इन योजनाओं की सफलता के लिए बैंकों और बीमा कंपनियों के फील्ड अधिकारियों सहित सभी हितधारकों के समर्पित प्रयासों की सराहना की।

इस अवसर पर वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य सबसे गरीब लोगों को बीमा सुरक्षा और पेंशन सहायता प्रदान करना है। श्री चौधरी ने बताया कि ऑनलाइन जन सुरक्षा पोर्टल के शुभारंभ से नागरिकों के लिए बैंक शाखाओं या डाकघरों में जाए बिना आसानी से नामांकन करना संभव हो गया है। उन्होंने कहा कि दावा प्रक्रिया के डिजिटलीकरण से दावों का तेजी से निपटारा सुनिश्चित हुआ है।