नई दिल्ली 2025-09-17
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज मध्यप्रदेश के धार से स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान और आठवें राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारम्भ किया। इसी क्रम में दिल्ली सचिवालय में भी एक विशेष आयोजन किया गया जिसमें केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता उपस्थित रहीं।
इस अवसर पर सचिवालय में महिलाओं के लिए एक विशेष स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन किया गया जिसमें महिलाओं को स्वास्थ्य जांच, परामर्श और आवश्यक चिकित्सीय सुविधाएँ उपलब्ध कराई गईं। कार्यक्रम को सम्बोधित करते श्रीमती पटेल ने कहा कि केंद्र सरकार ने सुरक्षित मातृत्व योजनाएँ, संस्थागत प्रसव को बढ़ावा, सस्ती सेनेटरी नैपकिन और विश्व का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान चलाकर महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि इसी का परिणाम है देश में मातृ मृत्यु दर में 86 प्रतिशत और शिशु मृत्यु दर में उल्लेखनीय कमी आई है।
वहीं, इस अवसर पर रेखा गुप्ता ने कहा कि स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान, परिवार, समाज और राष्ट्र की मजबूती का आधार है। उन्होंने कहा कि श्री मोदी ने सदैव नारी-शक्ति को राष्ट्र-निर्माण की धुरी मानकर ऐसे कदम उठाए हैं, जो जड़ों से जुड़े और जीवन से सरोकार रखने वाले हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अभियान महिलाओं के स्वास्थ्य और पोषण के क्षेत्र में एक मील का पत्थर साबित होगा।