नई दिल्ली 2026-02-21
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज वर्चुअल माध्यम से उत्तर प्रदेश के यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण क्षेत्र में ‘इंडिया चिप प्राइवेट लिमिटेड’ की आधारशिला रखी। यह एचसीएल-फॉक्सकॉन की संयुक्त उद्यम परियोजना है।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभा को संबोधित करते हुए, प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में एचसीएल-फॉक्सकॉन सेमीकंडक्टर प्लांट की स्थापना तकनीकी आत्मनिर्भरता की दिशा में एक कदम है और इससे विश्व में चिप निर्माण क्षेत्र में भारत की भागीदारी मजबूत होगी।
इस अवसर पर इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत को इलेक्ट्रॉनिक्स के क्षेत्र में एक महाशक्ति के रूप में स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि पहले देश में इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण बहुत कम था, लेकिन वर्तमान में देश में 12 लाख करोड़ रुपये का इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण हो रहा है।
उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक्स देश का तीसरा सबसे बड़ा निर्यात क्षेत्र बन चुका है, जिसमें उत्तर प्रदेश का प्रमुख योगदान है। उन्होंने कहा कि नोएडा में स्थापित किया जा रहा यह प्लांट तीन करोड़ 60 लाख चिप्स का उत्पादन करेगा। इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 का जिक्र करते हुए इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री वैष्णव ने कहा कि इस भव्य आयोजन में 118 देशों और संगठनों ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि 86 देशों ने एआई इम्पैक्ट पर ‘नई दिल्ली घोषणापत्र’ पर हस्ताक्षर और समर्थन किया है।
रेलवे के बारे में इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री वैष्णव ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026-27 में उत्तर प्रदेश को 20 हजार करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस कार्यक्रम को संबोधित किया।