13 जनवरी 2000 से प्रकाशित
प्रातः कालीन समाचार पत्र, कोरबा

ऑनलाइन गेमिंग संवर्द्धन और विनियमन नियम, 2026 आज से लागू

नई दिल्ली 2026-05-01

ऑनलाइन गेमिंग संवर्द्धन और विनियमन नियम, 2026 आज से लागू हो गए हैं। यह देश में तेजी से बढ़ते ऑनलाइन गेमिंग क्षेत्र को विनियमित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। नए नियमों के तहत ऑनलाइन पैसे वाले खेलों पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है।

इनमें वे खेल भी शामिल हैं जो संयोग, कौशल या दोनों के मिश्रण पर आधारित हैं। इन नियमों से खेलों के विज्ञापन और ऐसे प्लेटफार्मों से जुड़े वित्तीय लेनदेन पर भी रोक लगाई गई है। नियमों के उल्लंघन पर कारावास और जुर्माने सहित कठोर दंड दिए जा सकते हैं।

इन नियमों के माध्‍यम से इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अधीन एक एकीकृत नियामक के रूप में भारतीय ऑनलाइन गेमिंग प्राधिकरण की स्थापना की गई है। नियमों के जरिए कुछ श्रेणियों के खेलों के लिए पंजीकरण प्रणाली भी शुरू की गई है।

शिकायत निवारण के लिए दो स्तरीय प्रणाली लागू की गई है, जिससे उपयोगकर्ता प्राधिकरण से संपर्क कर सकते हैं और अपीलीय प्राधिकरण के समक्ष अपील कर सकते हैं। जुर्माने की कार्यवाही डिजिटल माध्यम से की जाएगी और निर्धारित समय सीमा के भीतर उसका निपटारा किया जाएगा। सरकार ने कहा है कि इन नियमों का उद्देश्य एक सुरक्षित, पारदर्शी और जवाबदेह डिजिटल गेमिंग पारिस्थितिकी तंत्र का निर्माण करना है।