13 जनवरी 2000 से प्रकाशित
प्रातः कालीन समाचार पत्र, कोरबा

पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर देश श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा

नई दिल्ली 2026-08-16

राष्ट्र आज पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रधानमंत्री वाजपेयी का 2018 में आज ही के दिन निधन हुआ था। अटल बिहारी वाजपेयी तीन बार देश के प्रधानमंत्री रहे। उनका पहला कार्यकाल वर्ष 1996 में मात्र 13 दिनों का था। इसके बाद उन्होंने 1998 से 1999 तक करीब 11 महीने प्रधानमंत्री के रूप में कार्य किया। वर्ष 1999 से 2004 तक उन्होंने अपना पूर्ण कार्यकाल पूरा किया। वर्ष 2015 में उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया गया।

 राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उप-राष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर दिल्ली में उनके स्मारक ‘सदैव अटल’ पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, राज्यसभा के उप-सभापति हरिवंश, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष नितिन नवीन भी उपस्थित थे।

उप-राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि अटल जी की विरासत राष्ट्र के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी रहेगी। उन्होंने यह भी कहा कि राष्ट्र निर्माण, समावेशी नेतृत्व और राष्ट्रीय गौरव के प्रति उनकी वचनबद्धता भावी पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि भारत की प्रगति में पूर्व प्रधानमंत्री की भूमिका अतुलनीय है।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि श्री अटल बिहारी वाजपेयी जनसेवा और राष्ट्र के प्रति समर्पण के प्रतीक हैं, जो भविष्य में भी हमारा मार्गदर्शन करते रहेंगे।

गृह मंत्री अमित शाह ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री शाह ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी एक ऐसे देशभक्त राजनीतिज्ञ थे जिन्होंने अपना सर्वस्व राष्ट्रसेवा में समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि एक ओर उन्होंने परमाणु परीक्षणों और कारगिल युद्ध के माध्यम से विश्‍व को भारत की शक्ति से अवगत कराया, वहीं दूसरी ओर उनकी मूल्य आधारित राजनीति ने अंत्योदय और सुशासन के दृष्टिकोण को पहली बार धरातल पर साकार किया। श्री शाह ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री का महान व्यक्तित्व और नेतृत्व राष्ट्र निर्माण के लिए प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता को सदा प्रेरित करता रहेगा।