13 जनवरी 2000 से प्रकाशित
प्रातः कालीन समाचार पत्र, कोरबा

महान क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद की पुण्यतिथि पर राष्ट्र ने उन्हें दी श्रद्धांजलि

नई दिल्ली 2026-02-27

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने महान स्‍वतंत्रता सेनानी चंद्रशेखर आजाद के बलिदान दिवस पर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है। श्री मोदी ने सोशल मीडिया पोस्‍ट में कहा कि चंद्रशेखर आजाद के जीवन से शिक्षा मिलती है कि अन्‍याय के खिलाफ मजबूती से खड़ा होने का संकल्‍प ही सच्‍ची वीरता है।

गृह मंत्री अमित शाह ने आज महान क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। गृह मंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि जीवन की अंतिम सांस तक ‘वंदे मातरम्’ का गान करते हुए चंद्रशेखर आजाद जी ने अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध वीरतापूर्ण लड़ाई लड़ी। उन्होंने कहा कि काकोरी ट्रेन एक्शन हो, हिंदुस्तान सोशलिस्ट रिपब्लिकन एसोसिएशन (HSRA) का गठन हो, या क्रांतिकारियों के लिए सशक्त संगठन निर्माण, चंद्रशेखर आजाद जी के जीवन का पल-पल स्वाधीनता के लिए समर्पित रहा। श्री शाह ने कहा कि उनकी बलिदान-गाथा का स्मरण कर आज भी रोम-रोम राष्ट्रप्रेम की भावना से भर उठता है।

केन्‍द्रीय कृषि और किसान कल्‍याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि चंद्रशेखर आजाद का प्रेरक जीवन प्रत्‍येक नागरिक को समाज और देश की सेवा के प्रेरित करता रहेगा। उन्‍होंने कहा कि राष्‍ट्र उनके सर्वोच्‍च बलिदान का हमेशा ऋणी रहेगा।