नई दिल्ली 2026-10-15
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लद्दाख में लगभग 3350 करोड़ रुपये की पांच प्रमुख विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया। इन परियोजनाओं का उद्देश्य क्षेत्र में संपर्क सुविधाओं को मजबूत करना, ऊर्जा बुनियादी ढांचे में सुधार करना, सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण करना और जल सुरक्षा को बढ़ाना है।
प्रधानमंत्री ने लेह स्थित कुशोक बकुला रिम्पोची हवाई अड्डे पर 640 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नए यात्री टर्मिनल का उद्घाटन किया। इस आधुनिक टर्मिनल की वार्षिक यात्री क्षमता 35 लाख है।
प्रधानमंत्री ने सीमा सड़क संगठन - बीआरओ द्वारा निर्मित 298 किलोमीटर लंबे निम्मू - पदुम - दारचा सड़क मार्ग का लोकार्पण भी किया। लेह के निम्मू को हिमाचल प्रदेश के दारचा से सुदूर ज़ांस्कर घाटी के माध्यम से जोड़ने वाली यह सड़क लद्दाख के लिए एक वैकल्पिक संपर्क मार्ग प्रदान करती है, जिससे श्रीनगर-लेह और मनाली-लेह मार्गों पर आवागमन और आसान हो जाएगा।
श्री मोदी ने नौ मेगावाट की हनु लघु पनबिजली परियोजना और 66 किलोवाट की डबल-सर्किट दाह-हनु-खालत्सी ट्रांसमिशन लाइन का भी उद्घाटन किया। इन परियोजनाओं से बिजली आपूर्ति का बुनियादी ढांचा मजबूत होगा और लद्दाख के विद्युत नेटवर्क की विश्वसनीयता में सुधार आयेगा। श्री मोदी ने लेह के सिंधु घाट में भारत के पहले पेट्रोग्लिफ संरक्षण पार्क और हिम सरोवर परियोजना के तहत 40 गांवों में विकसित 40 जलाशयों का भी उद्घाटन किया।