13 जनवरी 2000 से प्रकाशित
प्रातः कालीन समाचार पत्र, कोरबा

एशियाई पैरा खेल : खिलाड़ियों ने न केवल पदक जीते हैं, बल्कि करोड़ों देशवासियों का दिल भी जीता है : प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी

14 से 114 पदकों तक का यह सफर खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत का परिणाम कहा प्रधानमंत्री मोदी ने

नई दिल्ली 2026-11-05

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि जापान में एशियाई पैरा खेलों में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन दर्शाता है कि भारत खेलों की दुनिया में एक बड़ी शक्ति के रूप में उभर रहा है। नई दिल्ली में भारतीय दल के खिलाड़ियों से बातचीत में श्री मोदी ने कहा कि खिलाड़ियों ने न केवल पदक जीते हैं, बल्कि करोड़ों देशवासियों का दिल भी जीता है। उन्होंने कहा कि पैरा खिलाड़ियों ने एक बार फिर साबित किया है कि दृढ़ संकल्प और साहस से बड़ी से बड़ी उपलब्धि हासिल की जा सकती है। प्रधानमंत्री ने कहा कि वर्ष 2010 के एशियाई पैरा खेलों में भारत ने केवल एक स्वर्ण सहित कुल 14 पदक जीते थे, जबकि इस बार भारतीय खिलाड़ी 114 पदक लेकर लौटे हैं। उन्होंने कहा कि 14 से 114 पदकों तक का यह सफर खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत का परिणाम है।
 
प्रधानमंत्री ने कहा कि पदकों की संख्या में यह तेज़ बढ़ोतरी देश के खिलाड़ियों की अपार क्षमता और प्रतिभा को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष भारत ने 30 स्वर्ण पदक जीते, पांच विश्व रिकॉर्ड और नौ एशियाई रिकॉर्ड बनाए। इसके अलावा, चार स्पर्धाओं में भारतीय खिलाड़ियों ने सभी पदक अपने नाम किए। प्रधानमंत्री ने कहा कि एशियाई पैरा खेलों में पहली बार खेल रहे 61 खिलाड़ियों में से 36 खिलाड़ी पदक जीतकर स्वदेश लौटे। उन्होंने बताया कि 56 महिला खिलाड़ियों में से 34 ने पदक जीते हैं। श्री मोदी ने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों ने साबित कर दिया है कि दृढ़ संकल्प हो तो कोई सपना बड़ा नहीं और कोई चुनौती कठिन नहीं होती। 
 
श्री मोदी ने कहा कि ओलंपिक को ध्यान में रखते हुए उन्होंने इस बार लाल किले से युवाओं से प्रतिभा खोज अभियान में शामिल होने का आह्वान किया था। प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार ने खेल सामग्री विनिर्माण योजना- खेलो इंडिया को मंजूरी दे दी है। अब खेल सामग्री उद्योग को नए मानक स्थापित करने का समय है। उन्होंने कहा कि जब भी कोई भारतीय या विदेशी खिलाड़ी मैदान में उतरे, तो उसके खेल उपकरण, कपड़े और जूते भी भारत में बने होने चाहिए।
 
खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि प्रधानमंत्री के व्यापक दृष्टिकोण के कारण भारत खेल क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में भारत ने पैरा खेलों में केवल तीन स्वर्ण पदक जीते थे, जबकि 2026 में 30 स्वर्ण पदक हासिल किए हैं। श्री मांडविया ने कहा कि आज देश में सामान्य खिलाड़ियों और पैरा खिलाड़ियों को समान दर्जा दिया जा रहा है तथा दोनों को समान अवसर और सुविधाएं मिल रही हैं।
 
जापान में एशियाई पैरा खेलों में भारत ने अब तक का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 30 स्वर्ण, 35 रजत और 49 कांस्य सहित कुल 114 पदक जीते थे।