नई दिल्ली 2026-02-28
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राजस्थान के अजमेर में 14 वर्ष की आयु की बालिकाओं के लिए ह्यूमन पैपिलोमावायरस-एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया।
इस पहल का उद्देश्य सर्विकल कैंसर की रोकथाम करना है, जो महिलाओं में कैंसर से संबंधित रूग्णता के प्रमुख कारणों में से एक है। इस अभियान की औपचारिक शुरुआत पांच बालिकाओं को एचपीवी का टीका लगाकर की गई।
प्रधानमंत्री ने 16 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। श्री मोदी ने राजस्थान सरकार के विभिन्न विभागों में नव चयनित 21 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने हमेशा महिलाओं की छोटी से छोटी समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि एचपीवी टीकाकरण अभियान इसी दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि यह अभियान देश की नारी शक्ति को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
श्री मोदी ने कहा कि महिलाएं हर घर की रीढ़ होती हैं और 2014 से भाजपा सरकार ने महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार सत्ता के अहंकार से नहीं, बल्कि संवेदनशीलता से काम करती है।
नई दिल्ली में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट में कांग्रेस के अनुशासनहीन व्यवहार और विरोध प्रदर्शन पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि पूरे देश को इतने भव्य आयोजन पर गर्व है, लेकिन लगातार चुनावी हार से हताश और निराश कांग्रेस ने अंतरराष्ट्रीय मेहमानों के सामने देश को बदनाम करने की कोशिश की।
भारतीय सशस्त्र बलों की प्रशंसा करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि देश के सशस्त्र बलों ने हर मोर्चे पर सफलता हासिल की है, लेकिन कांग्रेस ने रक्षा बलों पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि इसलिए देश कांग्रेस को सबक सिखा रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि राजस्थान में भाजपा सरकार तेजी से अपने वादों को पूरा कर रही है। उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाओं से जनता की सुविधा बढ़ेगी और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि सड़क, रेल और हवाई संपर्क न केवल यात्रा को आसान बनाते हैं बल्कि पूरे क्षेत्रों का कायापलट भी करते हैं।
मुख्यमंत्री भजनलाल ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। इस अवसर पर राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े, केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी और राज्य सरकार के कई मंत्री भी उपस्थित थे।