नई दिल्ली 2026-11-24
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि सिख परंपरा सदैव राष्ट्र और संस्कृति के लिए सब कुछ बलिदान करने की भावना का प्रतीक रही है। प्रधानमंत्री ने नई दिल्ली में कल उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू के आवास लोक निवास में शबद कीर्तन में भाग लेते हुए यह बात कही। प्रधानमंत्री ने कहा कि गुरु नानक देव के सिद्धांत उनके जीवन का अभिन्न अंग रहे हैं। श्री मोदी ने कहा कि भारत के इतिहास के सबसे कठिन दौर में भी सिख गुरुओं ने राष्ट्र की रक्षा और सांस्कृतिक पहचान बनाए रखी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि इस वर्ष के प्रकाश परब का विशेष महत्व है, क्योंकि यह गुरु तेग बहादुर के बलिदान के 350 वर्ष पूरे होने का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि गुरु तेग बहादुर ने राष्ट्र की पहचान, आस्था, विश्वास और मूल्यों की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। श्री मोदी ने कहा कि 350 वर्ष बाद भी उनके सर्वोच्च बलिदान की प्रेरणा भारत की मिट्टी के हर कण में गहराई से समाई हुई है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि सिख गुरुओं के शौर्य और बलिदान की अमर गाथाओं को युवा पीढ़ी तक पहुंचाना राष्ट्र का दायित्व है। फिलीपींस की यात्रा के दौरान उन्होंने मनीला में देश के सबसे पुराने खालसा दीवान गुरुद्वारे का दौरा करने का स्मरण किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत सरकार इस गुरुद्वारे के पुनर्निर्माण के लिए भी सहयोग दे रही है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि नशे की लत के जाल में फंसने से पूरे परिवार के सपने टूट जाते हैं। श्री मोदी ने देश के प्रत्येक युवा को नशे से मुक्त रखने, अपने सपनों को साकार करने, शिक्षा प्राप्त करने और अपने परिवार तथा राष्ट्र का नाम रोशन करने के लिए सामूहिक प्रयासों का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं का मार्गदर्शन करने और सही मार्ग चुनने के लिए प्रोत्साहित करने में परिवारों, गुरुद्वारों और सामाजिक संगठनों की महत्वपूर्ण भूमिका पर बल दिया।