13 जनवरी 2000 से प्रकाशित
प्रातः कालीन समाचार पत्र, कोरबा

प्रधानमंत्री मोदी ने नागरिकों से समाज सेवा और स्वच्छता को दैनिक आदत बनाने का आह्वान किया

नई दिल्ली 2026-09-08

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज नागरिकों और जनप्रतिनिधियों से समाज सेवा तथा स्वच्छता को दैनिक आदत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाना चाहिए। प्रधानमंत्री नवसारी में नवनिर्मित भाजपा कार्यालय का उद्घाटन करने के बाद एक विशाल जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
 
प्रधानमंत्री ने पीएम स्वनिधि योजना के प्रभाव का उल्लेख करते हुए कहा कि इस योजना ने छोटे दुकानदारों और रेहड़ी-पटरी वालों को आसान और सस्ता ऋण तथा आधुनिक डिजिटल भुगतान सुविधाएं उपलब्ध कराकर वित्तीय समावेशन को बढ़ावा दिया है।
 
प्रधानमंत्री ने जन स्वास्थ्य और स्वच्छता पर जोर देते हुए, अपने आगमन से पहले व्यापक स्वच्छता अभियान चलाने के लिए स्थानीय प्रशासन और लोगों की सराहना की। उन्होंने लक्षित स्वास्थ्य और पोषण संबंधी प्रयासों के जरिए नवसारी को कुपोषण मुक्त जिला बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की भी प्रशंसा की।
 
प्रधानमंत्री मोदी ने जनकल्याण के लिए लगातार काम कर रहे पार्टी कार्यकर्ताओं की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि नया हाईटेक कार्यालय लोगों की शिकायतों के समाधान के लिए एक सक्रिय केंद्र के रूप में काम करे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपनी पहुंच बढ़ाने और यह सुनिश्चित करने का आह्वान किया कि कोई भी पात्र नागरिक कल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।