नई दिल्ली 2026-11-01
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली से गुवाहाटी तक बुलेट ट्रेन के उत्तर कॉरिडोर को मंजूरी दी है। यह कॉरिडोर सिलीगुड़ी के रास्ते दिल्ली को पूर्वोत्तर भारत से जोड़ेगा। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कल वाराणसी में इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस कॉरिडोर के बनने से दिल्ली से सिलीगुड़ी की यात्रा का समय मौजूदा 20 घंटे से घटकर केवल छह घंटे रह जाएगा। करीब 15 सौ किलोमीटर लंबा यह कॉरिडोर उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल से होते हुए असम तक जाएगा।
इस कॉरिडोर पर दिल्ली, आगरा, कानपुर, लखनऊ, अयोध्या, वाराणसी, प्रयागराज, पटना, सिलीगुड़ी और गुवाहाटी प्रमुख स्टेशन होंगे। रेल मंत्री ने बताया कि इस मार्ग पर बुलेट ट्रेन की यात्रा का किराया हवाई यात्रा की तुलना में काफी कम रखा जाएगा, जिससे अधिक से अधिक लोग इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से उत्तर और पूर्वी भारत के बीच रेल संपर्क बेहतर होगा।
इससे यात्रियों का समय बचेगा और व्यापार तथा पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। रेल मंत्री के अनुसार, इस तेज रेल सेवा से छोटे उद्योगों को लाभ होगा। साथ ही, मध्यम आय वर्ग के परिवारों, युवाओं और स्थानीय कारीगरों के लिए भी नए अवसर सृजित होंगे।