नई दिल्ली 2026-05-21
बहुपक्षीय सैन्य अभ्यास प्रगति 2026 का शुभारंभ कल ( 20 मई ) से मेघालय के उमरोई सैन्य केन्द्र में हुआ। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि भूटान, कंबोडिया, इंडोनेशिया, लाओस, मलेशिया, मालदीव, म्यांमार, नेपाल, फिलीपींस, सेशेल्स, श्रीलंका और वियतनाम सहित 12 मित्र देश इस अभ्यास में भाग ले रहे हैं। यह सैन्य अभ्यास, प्रतिभागी सेनाओं को पेशेवर आदान-प्रदान, एक-दूसरे के अनुभवों से सीखने और घनिष्ठ सैन्य संबंध बनाने के लिए एक साझा मंच प्रदान करता है।
इस अवसर पर सेना के अपर महानिदेशक- इन्फैंट्री, मेजर जनरल सुनील शेओरान ने अपने सभी सैन्य दस्तों का स्वागत किया और समकालीन सुरक्षा चुनौतियों से निपटने में सामूहिक भागीदारी के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को स्पष्टता, आपसी सम्मान और एक-दूसरे के अनुभवों से सीखने की तत्परता के लिए प्रोत्साहित किया।
दो सप्ताह तक चलने वाला यह अभ्यास अर्ध-पर्वतीय और वन क्षेत्रों में आतंकवाद विरोधी अभियानों पर केंद्रित होगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम में संयुक्त योजना अभ्यास, सामरिक स्तर के अभ्यास और समन्वित अभियान शामिल होंगे। प्रशिक्षण का उद्देश्य सैनिकों की अनुकूलन क्षमता, सहनशक्ति और सामरिक दक्षता में सुधार करना है।