नई दिल्ली 2026-08-29
देशभर में आज महान हॉकी खिलाड़ी और पद्म भूषण पुरस्कार विजेता, मेजर ध्यानचंद की जयंती पर खेल दिवस मनाया जा रहा है। यह दिन भारत की समृद्ध खेल विरासत का उत्सव मनाने का प्रतीक है। राष्ट्रीय खेल दिवस, लोगों को, खेलों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करता है।
उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने राष्ट्रीय खेल दिवस पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं हैं। श्री राधाकृष्णन ने भारतीय हॉकी के दिग्गज खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि दृढ़ संकल्प, अनुशासन और उत्कृष्टता की भावना भारत की खेल संस्कृति की पहचान है। उन्होंने कहा कि देश की बढ़ती खेल व्यवस्था हर स्तर पर प्रतिभाओं के पोषण की प्रतिबद्धता दर्शाता है। श्री राधाकृष्णन ने कहा कि भारतीय एथलीट वैश्विक मंच पर लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए देश का नाम रोशन कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर भारतीय हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि अर्पित की।
सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि भारतीय हॉकी की श्रेष्ठतम प्रतिभा के रूप में मेजर ध्यानचंद आज भी पीढ़ियों को प्रेरित करते हैं। प्रधानमंत्री ने सभी खेल प्रेमियों को राष्ट्रीय खेल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनका समर्पण, जुनून और दृढ़ संकल्प देश को गौरवान्वित करता है।
केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने आज नई दिल्ली में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर भारतीय हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद को पुष्पांजलि अर्पित की। मीडिया से बातचीत में डॉ. मांडविया ने कहा कि मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में हर वर्ष राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि फिट इंडिया अभियान को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से देशभर में ‘एक घंटा खेल के मैदान में’ कार्यक्रम जारी हैं।