नई दिल्ली 2026-06-03
रेलवे के फिरोजपुर मंडल ने अमृतसर से हाई-स्पीड रेल के माध्यम से कश्मीर की मशहूर रसीली चेरी को महाराष्ट्र और गुजरात समेत देश के प्रमुख बाजारों तक पहुंचाना शुरू कर दिया है। इस सेवा से फल प्रेमियों तक कश्मीर घाटी की रसदार चेरी की पहुंच सुगम हो गई है।
अमृतसर से शुरू होने वाला यह फल रेलवे की विशेष पार्सल वैन से लगभग 29 घंटे में वडोदरा और गुजरात के सूरत और 31 घंटे में मुंबई के बांद्रा पहुंचता है।
फिरोजपुर स्थित वरिष्ठ मंडल वाणिज्यिक प्रबंधक परमदीप सिंह सैनी ने आकाशवाणी को बताया कि मई के अंत तक, दोनों राज्यों के प्रमुख बाजारों में लगभग 13 टन उच्च गुणवत्ता वाली चेरी भेजी गई। यह परिवहन व्यवस्था जम्मू कश्मीर के चेरी उत्पादकों को अपनी उपज के बेहतर दाम प्राप्त करने में मददगार साबित हो रही है।