13 जनवरी 2000 से प्रकाशित

स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 : इंदौर को लगातार 8वें वर्ष सबसे स्वच्छ शहर का खिताब

नई दिल्ली 2025-07-17

इंदौर ने लगातार आठवें वर्ष भारत के सबसे स्वच्छ शहर का खिताब बरकरार रखा है। केंद्र सरकार के वार्षिक स्वच्छता सर्वेक्षण में सूरत दूसरे स्थान पर रहा, जबकि नवी मुंबई तीसरे स्थान पर रहा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 के नौवें संस्करण के पुरस्कार आज नई दिल्ली में आयोजित एक समारोह में प्रदान किए। 

इस अवसर पर राष्ट्रपति ने इस बात पर प्रकाश डाला कि स्वच्छता विकसित भारत 2047 के विजन का एक सबसे महत्वपूर्ण पहलू है। उन्होंने देशवासियों से देश को स्वच्छ, स्वस्थ और विकसित बनाने के लिए आगे आने का आग्रह किया। उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि प्राचीन काल से ही स्वच्छता देश की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक चेतना का एक प्रमुख तत्व रहा है। राष्ट्रपति ने कहा कि 2025 में देश स्वच्छता और आस्था का अद्भुत संगम देखेगा।

तीन से 10 लाख की आबादी वाले शहरों की श्रेणी में, नोएडा सबसे स्वच्छ शहर रहा, उसके बाद चंडीगढ़ और मैसूर का स्थान रहा। 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में अहमदाबाद को पहला स्थान मिला।

इस कार्यक्रम के दौरान, विभिन्न श्रेणियों में कुल 78 पुरस्कार प्रदान किए गए। इस वर्ष, ये पुरस्कार चार श्रेणियों में प्रदान किए गए, जिनमें सुपर स्वच्छ लीग शहर और पाँच विभिन्न जनसंख्या श्रेणियों में शीर्ष तीन सबसे स्वच्छ शहर शामिल हैं।