नई दिल्ली 2026-06-27
गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा है कि सहकारी टैक्सी प्लेटफॉर्म, भारत टैक्सी, का अगले दो वर्षों में देश भर के पांच सौ शहरों और कस्बों में विस्तार किया जाएगा। भारत टैक्सी के उद्घाटन सत्र में श्री शाह ने इस पहल को सहकारी क्षेत्र में एक क्रांतिकारी कदम बताया। उन्होंने कहा कि भारत टैक्सी, का उद्देश्य चालकों को सीधे लाभ पहुंचाकर निष्पक्ष और पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि इससे चालकों को उनके पारिश्रमिक का अधिक से अधिक हिस्सा मिलेगा और यात्रियों को भी सुरक्षित तथा किफायती यात्रा का लाभ मिल सकेगा।
श्री शाह ने मौजूदा ऐप-आधारित टैक्सी कम्पनियों की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि वे चालकों पर अधिक शुल्क लगाती हैं, भुगतान में देरी करती हैं और बिना उचित कारण बताए उनके खाते बंद कर देती हैं। श्री शाह ने कहा कि भारत टैक्सी ऐसे में यात्रियों के लिए एक मजबूत विकल्प के रूप में उभरेगी।
श्री शाह ने डेयरी उत्पादों से संबंधित अमूल सहकारी अभियान की भी सफलता का भी उल्लेख किया। इस अवसर पर, भारत टैक्सी के सफल कार्यान्वयन के लिए गुजरात मेट्रो रेल निगम, अहमदाबाद नगर निगम, गुजरात राज्य सहकारी बैंक, राज्य यातायात पुलिस, प्रमुख हवाई अड्डों और रेलवे प्राधिकरणों सहित कई संगठनों के साथ समझौता ज्ञापनों पर भी हस्ताक्षर किए गए।