नई दिल्ली 2026-08-10
भारतीय जनता पार्टी की नागालैंड इकाई ने देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी अभियान के अंतर्गत आज कोहिमा में ‘हर घर तिरंगा’ नामक दोपहिया रैली का आयोजन किया।
रैली को नागालैंड के उच्च शिक्षा और पर्यटन मंत्री, तेमजेन इम्ना अलोंग ने कोहिमा के इको पार्क से रवाना किया। इससे पहले सभा को संबोधित करते हुए, उन्होंने नागरिकों, विशेषकर युवाओं से आग्रह किया कि वे राष्ट्रीय ध्वज को गर्व और सम्मान के साथ फहराएं।
श्री अलोंग ने नागालैंड के लोगों से जिम्मेदारी की भावना के साथ समारोह में भाग लेने का आह्वान किया। दोपहिया रैली में भाजपा के सदस्य और समर्थकों ने तिरंगा यात्रा में शामिल होकर राष्ट्रीय गौरव का संदेश दिया।
महाराष्ट्र में देशभक्ति के उत्साह के साथ ‘हर घर तिरंगा’ अभियान शुरू हो गया है। राज्य के कई जिलों में स्वतंत्रता दिवस से पहले तिरंगा रैलियां और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
महाराष्ट्र के कई जिलों जिसमें बीड में, जिला प्रशासन, जिला खेल अधिकारी कार्यालय और विभिन्न खेल संगठनों ने मिलकर जिला खेल परिसर से एक तिरंगा रैली आयोजित की। इस रैली में बड़ी संख्या में खिलाड़ियों, छात्रों, खेल प्रशिक्षकों और नागरिकों ने हिस्सा लिया।
ठाणे में, ठाणे नगर निगम और ‘आम्ही साइकिल प्रेमी फाउंडेशन’ ने संयुक्त रूप से एक तिरंगा साइकिल रैली आयोजित की।
बुलढाणा जिले के खामगांव में, ‘हर घर तिरंगा’, ‘टीबी-मुक्त भारत’ और ‘नशा-मुक्त भारत’ अभियानों के तहत तिरंगा यात्रा और जन-जागरूकता रैली आयोजित की गई।
मणिपुर ने भी देश के अन्य हिस्सों के साथ मिलकर “हर घर तिरंगा” अभियान का आयोजन किया। यह अभियान 17 अगस्त 2026 को समाप्त होगा। अभियान के दौरान नागरिक अपने घरों पर तिरंगा ध्वज फहराएंगे।
मुख्यमंत्री युम्नाम खेमचंद ने इम्फाल पश्चिम जिले के सिंगजामेई स्थित अपने आवास से अभियान में भाग लेते हुए लोगों से पहले खुद को भारतीय और फिर मणिपुरी मानने का आग्रह किया।