नई दिल्ली 2026-06-04
गुजरात पुलिस ने राज्य में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। ऑपरेशन डेल्टा हंट के तहत गुजरात में अवैध रूप से रह रहे 362 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है, वहीं, सात सौ 82 से अधिक संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ जारी है।
गांधीनगर में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री और गृह मंत्री हर्ष संघवी ने कहा कि राज्य की सुरक्षा को खतरे में डालने वाले हर घुसपैठिए का पता लगाया जाएगा, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी और उन्हें बांग्लादेश वापस भेजा जाएगा।
गुजरात के पुलिस महानिदेशक डॉ. के. एल. एन. राव ने कहा कि अवैध नेटवर्क को खत्म करने के लिए अभियान तेज कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने बांग्लादेशी नंबरों से संपर्क करने वाले भारतीय मोबाइल नंबरों की जांच कर 6 हजार 200 से अधिक संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिकों का डेटाबेस तैयार किया है।