नई दिल्ली 2026-05-10
रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (डीआरडीओ) ने हैदराबाद में स्क्रैमजेट कम्बस्टर का सफल परीक्षण किया है। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि परीक्षण में 1,200 सेकंड से अधिक का रन-टाइम प्राप्त हुआ। यह रन-टाइम इस वर्ष जनवरी में किए गए 700 सेकंड के परीक्षण से अधिक है। इस सफल परीक्षण से भारत उन्नत एयरोस्पेस क्षमता और लगातार उभरती युद्ध प्रौद्योगिकियों में अग्रणी स्थान पर आ गया है। इस परीक्षण से भारत के हाइपरसोनिक क्रूज मिसाइल विकास कार्यक्रम को मजबूती मिलेगी।
मंत्रालय ने कहा कि कम्बस्टर को डीआरडीओ की रक्षा अनुसंधान और विकास प्रयोगशाला ने उद्योग भागीदारों के सहयोग से विकसित किया है। मंत्रालय ने कहा कि कम्बस्टर में स्वदेशी रूप से विकसित तरल हाइड्रोकार्बन ईंधन, उन्नत थर्मल बैरियर कोटिंग और आधुनिक विनिर्माण तकनीकों का उपयोग किया गया है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने डीआरडीओ, उद्योग भागीदारों और शिक्षाविदों की सराहना करते हुए इस उपलब्धि को देश के हाइपरसोनिक क्रूज मिसाइल कार्यक्रम के लिये ठोस नींव बताया है।