13 जनवरी 2000 से प्रकाशित
प्रातः कालीन समाचार पत्र, कोरबा

घरेलू एलपीजी आपूर्ति स्थिर, वितरण केंद्रों पर कोई कमी नहीं: पेट्रोलियम मंत्रालय

नई दिल्ली 2026-04-28

सरकार ने देश भर में घरेलू एल.पी.जी. और पी.एन.जी. तथा परिवहन के लिए सी.एन.जी. की शत  प्रतिशत आपूर्ति का आश्वासन दिया है। नई दिल्ली में अंतरमंत्रालयी ब्रीफिंग में पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की सचिव, सुजाता शर्मा ने कहा कि घरेलू एल.पी.जी. की आपूर्ति स्थिर बनी हुई है और किसी भी वितरण केंद्र पर उपलब्धता संबंधी रुकावट नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार, प्राथमिकता के आधार पर अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों में वाणिज्यिक एल.पी.जी. और पी.एन.जी. की आपूर्ति  सत्तर प्रतिशत तक पूरी कर रही है।

उन्होंने कहा कि प्रवासी श्रमिकों के लिए पांच किलोग्राम के निःशुल्क एल.पी.जी. सिलेंडरों की आपूर्ति दोगुनी की गई है। उन्होंने बताया कि अप्रैल में अब तक 1 लाख 75 हजार टन से अधिक वाणिज्यिक एल.पी.जी. की बिक्री हुई है। कल, 9 हजार 578 टन से अधिक वाणिज्यिक एल.पी.जी. की बिक्री दर्ज की गई।

कपड़ा मंत्रालय भी पश्चिम एशिया की स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहा है। मंत्रालय के व्यापार सलाहकार, बिपिन मेनन ने कहा कि नौवहन संबंधी रुकावटों और अन्य संबंधित समस्याओं का निपटान किया जा रहा है। निर्यातकों को वैकल्पिक मार्गों का और जेद्दाह जैसे बंदरगाहों का उपयोग करने की सलाह दी गई है। उन्होंने कहा कि ईंधन और गैस की आपूर्ति औसत खपत के लगभग अस्सी प्रतिशत पर बनी हुई है।

पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय के निदेशक, मुकेश मंगल ने कहा कि क्षेत्र में सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं और पिछले 24 घंटों में भारतीय ध्वज वाले किसी भी जहाज से संबंधित कोई घटना दर्ज नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि मंत्रालय ने भारतीय नाविकों की सुरक्षित वापसी के लिए व्यवस्था की है।