नई दिल्ली 2026-08-09
दिल्ली मेट्रो रेल निगम – डी.एम.आर.सी. ने ट्रेन परिचालन की समयबद्धता और विश्वसनीयता के मामले में हांगकांग, पेरिस और न्यूयॉर्क जैसी विश्व की प्रमुख मेट्रो प्रणालियों के बीच खुद को सबसे प्रतिष्ठित मेट्रो प्रणाली के रूप में स्थापित किया है। डी.एम.आर.सी. के अनुसार, वर्तमान वर्ष में दिल्ली मेट्रो ने 99.95 प्रतिशत समयबद्धता दर्ज की है।
दिल्ली मेट्रो के करीब 23 वर्षों के परिचालन के दौरान नेटवर्क के लगातार विस्तार के बावजूद उच्च परिचालन दक्षता कायम रही है। वहीं, शुरुआती वर्षों में दिल्ली मेट्रो के ट्रेनों के बीच लगभग सात मिनट अंतराल घटकर आज सबसे व्यस्त कॉरिडोर पर मात्र 2 मिनट 18 सेकंड रह गया है। वर्तमान में दिल्ली मेट्रो 12 लाइनों और 303 स्टेशनों के साथ 416 से अधिक किलोमीटर के नेटवर्क पर संचालित हो रही है। वहीं, दिल्ली मेट्रो करीब 29 प्रतिशत नेटवर्क पर ड्राइवरलेस मेट्रो सेवा के साथ भारत का सबसे बड़ा ड्राइवरलेस मेट्रो नेटवर्क बन गया है। दिल्ली मेट्रो के अनुसार, यह उपलब्धियां तकनीकी नवाचार, बेहतर रखरखाव और परिचालन उत्कृष्टता के निरंतर प्रयासों का परिणाम हैं तथा इसके लिए डीएमआरसी को हाल के वर्षों में कई प्रतिष्ठित राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार और सम्मान भी प्राप्त हुए हैं।