13 जनवरी 2000 से प्रकाशित
प्रातः कालीन समाचार पत्र, कोरबा

सीबीएसई की कक्षा 12वीं की परीक्षा के पुनर्मूल्यांकन प्रक्रिया शुरू की जाएगी: शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान

नई दिल्ली 2026-05-28

शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा है कि सीबीएसई की कक्षा 12वीं की परीक्षा मूल्यांकन प्रक्रिया में कुछ कमियां आने के बाद अब पुनर्मूल्यांकन प्रक्रिया शुरू की जाएगी। नई दिल्ली में सीबीएसई अधिकारियों के साथ बैठक के बाद संवाददाताओं से बातचीत में श्री प्रधान ने कहा कि अधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि सभी विद्यार्थियों की शिकायत का समाधान किया जाए और सभी स्तरों पर जवाबदेही सुनिश्चित की जाए।

अनियमितताओं की जिम्मेदारी लेते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि इन कमियों को दूर किया जाएगा और उचित समाधान निकाले जाएंगे। उन्होंने कहा कि ऑन-स्क्रीन मार्किंग ‘- ओ एस एम एक प्रगतिशील प्रणाली है। भारत के कई विश्वविद्यालय और संस्थान, साथ ही विश्व भर के कई संस्थान इस प्रणाली को अपना रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह पहली बार है जब सी बी एस ई ने देश में इस प्रणाली को लागू किया है। श्री प्रधान ने बताया कि लगभग 4 करोड़ स्कैन किए गए पृष्ठों का मूल्यांकन पहली बार सी बी एस ई द्वारा ओएसएम प्रक्रिया के माध्यम से किया गया है।