नई दिल्ली 2026-10-21
केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो ने पंजाब के मानसा में मादक पदार्थ के विरोध में आवाज उठाने वाले परविंदर सिंह झोटा की हत्या की जांच शुरू कर दी है। वरिष्ठ उप-महा निरीक्षक स्तर के अधिकारी के नेतृत्व में टीम सभी तथ्यों की जांच करेगी।
इससे पहले, जांच दल कल देर रात मानसा थाने पहुंचा और एक नई प्राथमिकी दर्ज की। सूत्रों के अनुसार पी.जी.आई. चंडीगढ़ में डॉक्टरों की टीम परविंदर सिंह का पोस्टमार्टम करेगी और चंडीगढ़ के मजिस्ट्रेट इसकी जांच करेंगे।
यह कार्रवाई परविंदर सिंह के परिवार से गृह मंत्री अमित शाह की मुलाकात के दौरान सी.बी.आई. जांच के दिए गए आश्वासन के बाद की गई है। श्री शाह ने कल एक दिन के पंजाब दौरे पर परविंदर सिंह के परिवार से मुलाकात की थी।
पिछले सप्ताह एक दवा विक्रेता ने परविंदर सिंह द्वारा उस पर सिंथेटिक्स ड्रग बेचने का आरोप लगाने के बाद उनकी गोली मारकर हत्या कर दी थी।
गृह मंत्री ने नशीले पदार्थों के विरुद्ध लड़ाई लड़ने वाले एक और कार्यकर्ता विक्रम जीत सिंह के परिवार से भी गुरदासपुर में मुलाकात की थी। गृह मंत्री ने हाल ही में संगरूर में भी कथित रूप से आत्महत्या कर चुके गुलजार सिंह के परिजनों से मिलकर न्याय का आश्वासन दिया।