13 जनवरी 2000 से प्रकाशित
प्रातः कालीन समाचार पत्र, कोरबा

राष्ट्रीय विज्ञान दिवस : महान भौतिकी विज्ञानी सर सी.वी. रमन को कर रहा राष्ट्र नमन

नई दिल्ली 2026-02-28

आज पूरे देश में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस मनाया जा रहा है। यह दिवस प्रतिवर्ष 28 फरवरी को महान भौतिकी विज्ञानी सर सी.वी. रमन द्वारा ‘रमन प्रभाव’ की खोज की स्मृति में मनाया जाता है।

इस अभूतपूर्व खोज के लिए सर रमन को 1930 में नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर पूरे देश में विभिन्न विषयों पर आधारित विज्ञान संचार गतिविधियां आयोजित की जाती हैं।

केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय का विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग नई दिल्ली के विज्ञान भवन में राष्ट्रीय स्तर के समारोह का आयोजन करेगा।

इस वर्ष का विषय है “विज्ञान में महिलाएं: विकसित भारत की उत्प्रेरक”। यह विषय वैज्ञानिक प्रगति को भारत के एक विकसित राष्ट्र बनने के दृष्टिकोण से जोड़ता है और महिला शोधकर्ताओं और नवप्रवर्तकों की भूमिका को मान्यता देता है।

गृह मंत्री अमित शाह ने राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर देश के वैज्ञानिकों और शोधकर्ताओं को शुभकामनाएं दी हैं।

सोशल मीडिया पोस्ट में श्री शाह ने कहा कि वैज्ञानिकों के निरंतर अनुसंधान देश  को दिशा दिखाते हैं और बेहतर भविष्य के लिए समाधान तैयार करते हैं।

उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह दिन नवाचार और निर्माण करने तथा देश के भविष्य को संवारने के उत्साह और संकल्प को पुनर्जीवित करेगा।