नई दिल्ली 2026-09-16
न्यूजीलैंड की संसद ने भारत के साथ मुक्त व्यापार समझौते-को लागू करने का कानून पारित कर दिया है। इससे दोनों देशों के बीच शुल्क में भारी कटौती और व्यापार विस्तार का रास्ता साफ हो गया है। इस विधेयक को विपक्षी लेबर पार्टी के समर्थन से पारित किया गया। विधेयक के पक्ष में 93और विरोध में 29 वोट पडे़ ।
न्यूजीलैंड के व्यापार मंत्री टॉड मैक्ले ने कहा कि इस समझौते से निर्यातकों को तत्काल और बड़ा लाभ मिलेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह उच्च स्तरीय व्यापार समझौता इस वर्ष के अंत तक लागू हो जाएगा। इस समझौते के तहत, भारत के लिये न्यूजीलैंड के लगभग 95 प्रतिशत निर्यात पर शुल्क को या तो समाप्त कर दिया जाएगा या काफी कम कर दिया जाएगा।
इस समझौते के दायरे में आने वाले आधे से अधिक उत्पाद, समझौता लागू होने के पहले दिन से ही शुल्क मुक्त हो जाएंगे। इसके साथ ही, सभी भारतीय सामान न्यूजीलैंड के बाजार में शुल्क मुक्त मिलेंगे।