नई दिल्ली 2026-11-10
अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने अपनी हाल की सऊदी अरब यात्रा को सार्थक और उपयोगी बताया है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा से दोनों देशों के बीच मित्रता और सहयोग के संबंध और मजबूत हुए हैं। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री रिजिजू ने कहा कि भारत और सऊदी अरब हज जायरीन के कल्याण और हज-2027 के सफल आयोजन के लिए प्रतिबद्ध हैं।
यात्रा के दौरान श्री रिजिजू और सऊदी अरब के हज तथा उमराह मंत्री तौफीक बिन फवजान अल-रबियाह ने वर्ष 2027 के लिए द्विपक्षीय हज समझौते पर हस्ताक्षर किए। समझौते के तहत भारत को एक लाख 75 हजार 25 तीर्थयात्रियों का कोटा मिला है।
दोनों मंत्रियों ने हज-2027 की तैयारियों की समीक्षा की और भारतीय हज यात्रियों की सुरक्षित, सुगम तथा सुव्यवस्थित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए जरूरी इंतजामों पर चर्चा की।
श्री रिजिजू छठे हज सम्मेलन और प्रदर्शनी-2027 में शामिल होने तथा द्विपक्षीय समझौते पर हस्ताक्षर के लिए सउदी अरब गए थे।