13 जनवरी 2000 से प्रकाशित
प्रातः कालीन समाचार पत्र, कोरबा

भारत के माल और सेवाओं के कुल निर्यात में 13.6% की मज़बूत वृद्धि दर्ज की गई

नई दिल्ली 2026-05-15

भारत का माल और सेवा का कुल निर्यात अप्रैल 2026 में 80.8 बिलियन डॉलर रहने का अनुमान है। यह पिछले वर्ष अप्रैल की तुलना में 13.6% अधिक है। वाणिज्य विभाग ने कहा है कि निर्यात में यह मजबूत प्रदर्शन व्यापारिक गति की स्थिरता, भारतीय वस्तुओं और सेवाओं की बढ़ती वैश्विक मांग और वैश्विक अर्थव्यवस्था में देश की बढ़ती भूमिका को दर्शाता है।
 
देश के पेट्रोलियम उत्पादों का निर्यात अप्रैल 2026 में 34.66% बढ़कर 9.59 बिलियन डॉलर तक पहुंच गया। वहीं गैर-पेट्रोलियम निर्यात अप्रैल 2026 में 33.97  बिलियन डॉलर तक पहुंच गया। यह निरंतर वृद्धि भारत के विविध निर्यात उत्पादों की मजबूती और भारतीय विनिर्माण और मूल्यवर्धित उत्पादों की बढ़ती वैश्विक मांग को उजागर करती है।
 
वैश्विक मांग में मजबूती के चलते अप्रैल 2026 में इलेक्ट्रॉनिक सामानों का निर्यात 40. 31% बढ़कर 5.18 बिलियन डॉलर तक पहुंच गया। विनिर्माण क्षेत्र की निरंतर मजबूती को दर्शाते हुए इंजीनियरिंग सामानों का निर्यात भी अप्रैल 2026 में 8.76% बढ़कर 10.35 बिलियन डॉलर तक पहुंच गया।