13 जनवरी 2000 से प्रकाशित
प्रातः कालीन समाचार पत्र, कोरबा

भारत और चीन के बीच वरिष्ठ सैन्य कमांडर स्तर की पहली फ्लैग मीटिंग अरुणाचल प्रदेश में सम्पन्न

नई दिल्ली 2026-09-08

भारत और चीन के बीच वरिष्ठ सैन्य कमांडर स्तर की पहली फ्लैग मीटिंग इस महीने की 6 तारीख को अरुणाचल प्रदेश के वाचा में हुई। चीन की ओर यह बैठक कल दमाई में हुई।
 
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने आज नई दिल्ली में संवाददाताओं को बताया कि पश्चिमी क्षेत्र में भी इसी तरह की व्यवस्था मौजूद है।
 
उन्होंने कहा कि कमांडर स्तर की यह बैठक अगस्त 2025 और अगस्त 2026 में भारत और चीन के विशेष प्रतिनिधियों के बीच बनी सहमति, परामर्श तथा समन्वय के लिए कार्य तंत्र – डब्ल्यू.एम.सी.सी की बैठकों में हुई चर्चा के आधार पर आयोजित की गई।
 
रूस-यूक्रेन संघर्ष पर श्री जायसवाल ने कहा कि भारत यूक्रेन और रूस, दोनों के संपर्क में है और संघर्ष को रोकने में मददगार सुझावों और विचारों पर काम कर रहा है।
 
उन्होंने बताया कि विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने हाल में यूक्रेन और पोलैंड का दौरा किया। उन्होंने कहा कि भारत लगातार यह मानता रहा है कि यह युद्ध का दौर नहीं है और युद्ध के मैदान से समाधान नहीं निकल सकता।श्री जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी कह चुके हैं कि अब अंतहीन युद्ध की जगह युद्ध का अंत होना चाहिए।
 
उन्होंने कहा कि संघर्ष में शामिल पक्षों को समाधान का रास्ता निकालना होगा। साथ ही, अगर भारत युद्ध समाप्त करने में किसी भी तरह मदद कर सकता है, तो वह इसके लिए तैयार है।